चंपारण से शुरू होगी निशांत कुमार की सद्भावना यात्रा, 3 मई से बड़ा अभियान, JDU ने तय किया रोडमैप

    चंपारण से शुरू होगी निशांत कुमार की सद्भावना यात्रा, 3 मई से बड़ा अभियान, JDU ने तय किया रोडमैप

    पटना (PATNA) : जनता दल यूनाइटेड (जदयू) के नेता निशांत कुमार बिहार में व्यापक जनसंपर्क अभियान की शुरुआत करने जा रहे हैं. पार्टी की ओर से उनकी प्रस्तावित “सद्भावना यात्रा” के कार्यक्रम की आधिकारिक घोषणा कर दी गई है.यह यात्रा आगामी 3 मई से शुरू होगी और इसकी शुरुआत ऐतिहासिक चंपारण की धरती से की जाएगी. यात्रा का पहला चरण पश्चिम चंपारण जिले से प्रारंभ होगा जहां दो दिनों तक लगातार कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे.

    बगहा क्षेत्र में स्थानीय लोगों के साथ संवाद करेंगे

    पार्टी सूत्रों के अनुसार, 3 और 4 मई को बगहा क्षेत्र में निशांत कार्यकर्ताओं और स्थानीय लोगों के साथ संवाद करेंगे. इस दौरान संगठन को मजबूत करने, जमीनी स्तर पर फीडबैक लेने और जनता की समस्याओं को समझने पर विशेष जोर रहेगा. यात्रा में जदयू के प्रदेश अध्यक्ष सहित कई वरिष्ठ नेता भी शामिल होंगे. जिस-जिस जिले में यात्रा पहुंचेगी वहां के सांसद, विधायक, जिला अध्यक्ष और अन्य पदाधिकारी भी सक्रिय रूप से भाग लेंगे.

    संगठन विस्तार और जनसंवाद का बड़ा अभियान

    इस यात्रा की खास बात यह है कि निशांत इसी रथ पर सवार होकर निकलेंगे, जिसका इस्तेमाल मुख्यमंत्री नीतीश कुमार भी अपने अभियानों में करते रहे हैं. इससे यात्रा को राजनीतिक रूप से भी खास महत्व दिया जा रहा है. पार्टी इसे संगठन विस्तार और जनसंवाद के बड़े अभियान के रूप में देख रही है.

    दूसरा चरण वैशाली से शुरू किया जाएगा

    पहले चरण के बाद यात्रा का दूसरा चरण वैशाली से शुरू किया जाएगा, जहां एक बार फिर कार्यकर्ताओं और आम लोगों से जुड़ने का प्रयास किया जाएगा. जदयू की यह पहल आगामी राजनीतिक रणनीति के लिहाज से भी अहम मानी जा रही है.



    Related News