जमुई(JAMUI): अमूमन ऐसा देखा जाता है कि शादी विवाह के अवसर पर विदाई के दौरान लड़कियों के साथ उनके परिवार वाले व रिश्तेदार भी रो पड़ते हैं. यहां मां- पिता का घर छोड़ पति के साथ जाने यानि एक परिवार से दूर होकर नए परिवार के बीच जिंदगी गुजारने को लेकर माहौल गमगीन होना लाजमी है. लेकिन इसी तर्ज पर ऐसा ही एक दृश्य सिकंदरा प्रखंड के उत्क्रमित मध्य विद्यालय कोनन से सामने आया है. जहां आठवीं कक्षा उत्तीर्ण होने पर शिक्षक व विद्यालय से साथ छूटने को लेकर बच्चे फूट- फूट कर रो रहे हैं. जिसका वीडियो अब इंटरनेट मीडिया पर भी वायरल होने लगा है. जो लोगों के बीच चर्चा का विषय बना हुआ है. इस वीडियो को देख लोग हैरान हो रहे हैं, लेकिन यह वीडियो वास्तविक सच्चाई है.
पूरा विद्यालय का माहौल गमगीन
दरअसल उत्क्रमित मध्य विद्यालय कोनन के शिक्षक रंजीत कुमार का बच्चों के साथ काफी घनिष्ठता और मधुर संबंध था. आठवीं कक्षा उत्तीर्ण होने के बाद सभी छात्र- छात्राएं नवमी कक्षा में हाई स्कूल में नामांकन कराने के लिए जाने से पहले एक मुलाकात शिक्षक के साथ रखी गई थी. इस दौरान शिक्षक बच्चों को दिल लगाकर पढ़ाई करने और एक लक्ष्य के अनुसार आगे बढ़कर घर परिवार वालों के साथ-साथ विद्यालय व शिक्षकों का नाम रोशन करने की बात कह रहे थे. इस दौरान सभी बच्चे इमोशनल हो गए और क्लास रूम में ही फूट-फूट कर रोने लगे वहीं शिक्षक की आंखें भी नम हो गई. पूरा विद्यालय का माहौल गमगीन हो गया, फिर शिक्षक के द्वारा सभी बच्चों को समझा-बुझा कर शांत कराया गया. हालांकि शिक्षक रंजीत कुमार ने बताया कि बच्चों से उनका रिश्ता लगातार आठ वर्षों से रहा है. इस दौरान बच्चों से उनका काफी गहरा लगाव हो गया है. वे हमेशा एक परिवार की तरह बच्चों के साथ पेश आते थे. जिसका नतीजा है कि आज बच्चे विद्यालय को छोड़ना नहीं चाह रहे हैं.

