बिहार में अवर निबंधक के कई ठिकानों पर छापेमारी, करोड़ों की अवैध संपत्ति पर शक

    बिहार में अवर निबंधक के कई ठिकानों पर छापेमारी,  करोड़ों की अवैध संपत्ति पर शक

    पटना(PATNA): बिहार में भ्रष्टाचार के खिलाफ चलाए जा रहे सख्त अभियान के तहत एक बार फिर बड़ी कार्रवाई सामने आई है. आर्थिक अपराध इकाई (EOU) ने आय से अधिक संपत्ति अर्जित करने के आरोप में सुपौल के जिला अवर निबंधक अमरेन्द्र कुमार के खिलाफ केस दर्ज करते हुए एक साथ कई ठिकानों पर छापेमारी की है. इस कार्रवाई ने प्रशासनिक हलकों में हड़कंप मचा दिया है.

    EOU की टीम ने बुधवार सुबह से ही एक अभियान के तहत चार अलग-अलग स्थानों पर एक साथ तलाशी शुरू की, जिन जगहों पर छापेमारी की गई, उनमें पटना के आशियाना-दीघा रोड स्थित राज अपार्टमेंट का फ्लैट, सारण जिले में स्थित उनका पैतृक घर, सुपौल में उनका कार्यालय और एक किराए का आवास शामिल है. इन सभी स्थानों को एक साथ कवर कर टीम ने जांच को प्रभावी और गोपनीय बनाए रखा.

    इस पूरी कार्रवाई का नेतृत्व पुलिस उपाधीक्षक (DSP) स्तर के अधिकारियों ने किया, जिससे इस मामले की गंभीरता का अंदाजा लगाया जा सकता है. छापेमारी के दौरान जांच एजेंसी ने कई अहम दस्तावेजों को अपने कब्जे में लिया ह. शुरुआती जांच में संदिग्ध वित्तीय लेन-देन, अघोषित संपत्तियों और निवेश से जुड़े कागजात सामने आने की बात कही जा रही है. हालांकि, अभी तक आधिकारिक तौर पर बरामद संपत्ति या रकम का खुलासा नहीं किया गया है.

    यह कार्रवाई लंबे समय से चल रही गुप्त निगरानी और प्राथमिक जांच के बाद की गई है. अधिकारियों को शक है कि सरकारी पद का दुरुपयोग कर अवैध तरीके से संपत्ति जुटाई गई है. इसी आधार पर मामला दर्ज कर छानबीन शुरू की गई है.

    आर्थिक अपराध इकाई ने स्पष्ट किया है कि तलाशी अभियान पूरा होने के बाद ही विस्तृत जानकारी साझा की जाएगी. फिलहाल, जब्त दस्तावेजों की जांच और वित्तीय लेन-देन की कड़ियों को जोड़ने का काम जारी है.  जांच एजेंसी यह भी पता लगाने की कोशिश कर रही है कि इस भ्रष्टाचार के नेटवर्क में और कौन-कौन लोग शामिल हो सकते हैं.

    इस कार्रवाई को बिहार सरकार की भ्रष्टाचार के खिलाफ ‘जीरो टॉलरेंस’ नीति के तहत एक अहम कदम माना जा रहा है. हाल के दिनों में इस तरह की कई छापेमार कार्रवाइयों ने यह संदेश देने की कोशिश की है कि सरकारी पद का दुरुपयोग करने वालों के खिलाफ सख्त कदम उठाए जाएंगे. आने वाले दिनों में इस मामले में और बड़े खुलासे होने की संभावना जताई जा रही है.

     



    Related News