पटना (PATNA): पूरे देश में इन दिनों कड़क धूप और चढ़ते पारे की वजह से लोगों का गर्मी से हाल बेहाल है, जिससे सबसे अधिक परेशानी स्कूली बच्चों को हो रही है.वहीं पटना में बढ़ती गर्मी को देखते हुए जिला प्रशासन ने स्कूलों के समय में बदलाव करने का फैसला लिया है. पटना के जिलाधिकारी ने सभी सरकारी और निजी स्कूलों के लिए नया आदेश जारी किया है, ताकि बच्चों को तेज धूप और लू से बचाया जा सके.
12 बजे के बाद स्कूल चलाने पर प्रतिबंध
जिलाधिकारी के आदेश के अनुसार, कक्षा 1 से 5 तक के बच्चों की पढ़ाई अब सुबह से लेकर केवल 11:30 बजे तक ही होगी.इसके बाद इन कक्षाओं को चलाने पर पूरी तरह रोक लगा दी गई है यानी छोटे बच्चों को दोपहर की तेज गर्मी में स्कूल में नहीं रुकना पड़ेगा.वहीं कक्षा 6 से 8 तक के छात्रों के लिए भी समय तय किया गया है.इन कक्षाओं की पढ़ाई दोपहर 12 बजे के बाद नहीं होगी. इसका मतलब है कि इन बच्चों को भी गर्मी के सबसे ज्यादा असर वाले समय में स्कूल में नहीं रहना पड़ेगा.
लू से बचाने के लिए लिया गया फैसला
प्रशासन का कहना है कि इन दिनों तापमान काफी ज्यादा बढ़ गया है और दोपहर के समय लू चलने का खतरा भी रहता है ऐसे में छोटे बच्चों की सेहत पर बुरा असर पड़ सकता है.इसी को ध्यान में रखते हुए यह फैसला लिया गया है.सभी स्कूलों को इस आदेश का सख्ती से पालन करने के निर्देश दिए गए है. अगर कोई स्कूल नियमों का पालन नहीं करता है, तो उसके खिलाफ कार्रवाई की जा सकती है.


