राष्ट्रीय विज्ञान दिवस पर प्रतिभा सम्मान: डॉ. सी. वी. रमन टैलेंट सर्च टेस्ट 2025 के मेधावी छात्र राज्य स्तर पर सम्मानित


पटना(PATNA): राष्ट्रीय विज्ञान दिवस के अवसर पर विज्ञान, प्रावैधिकी एवं तकनीकी शिक्षा विभाग द्वारा ज्ञान भवन, पटना में डॉ. सी. वी. रमन टैलेंट सर्च टेस्ट इन साइंस–2025 में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले छात्र-छात्राओं के लिए भव्य राज्य स्तरीय सम्मान समारोह का आयोजन किया गया. कार्यक्रम की शुरुआत महान वैज्ञानिक C. V. Raman के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर की गई.
इस अवसर पर कक्षा 6 से 12 तक के उन मेधावी छात्र-छात्राओं को सम्मानित किया गया, जिन्होंने राज्य एवं जिला स्तर पर उत्कृष्ट प्रदर्शन किया. यह परीक्षा विज्ञान विषय में प्रतिभा की पहचान और प्रोत्साहन के उद्देश्य से आयोजित की जाती है, जिसमें राज्य के सभी जिलों से बड़ी संख्या में विद्यार्थियों ने भाग लिया.
.jpeg)
परीक्षा परिणाम के आधार पर विद्यार्थियों को राज्य एवं जिला स्तर पर वर्गीकृत करते हुए सम्मान प्रदान किया गया. राज्य स्तर पर कक्षा 6 से 12 तक के कुल 21 छात्र-छात्राओं को मेडल, प्रशस्ति पत्र और लैपटॉप देकर सम्मानित किया गया. वहीं जिला स्तर पर प्रथम स्थान प्राप्त विद्यार्थियों को 5,000 रुपये तथा द्वितीय स्थान प्राप्त विद्यार्थियों को 3,000 रुपये की पुरस्कार राशि के साथ मेडल और प्रमाणपत्र प्रदान किए गए. इसके अलावा राज्य एवं जिला स्तर के सभी पुरस्कार विजेताओं को 1,000 रुपये की यात्रा सहायता राशि भी दी गई, ताकि दूर-दराज के जिलों से आए विद्यार्थियों की सहभागिता सुनिश्चित हो सके.
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए अहमद महमूद, अपर सचिव–सह–निदेशक, विज्ञान, प्रावैधिकी एवं तकनीकी शिक्षा विभाग ने कहा कि इस प्रकार की प्रतियोगी परीक्षाएं विद्यार्थियों की वैज्ञानिक प्रतिभा को पहचानने और निखारने का प्रभावी माध्यम हैं. उन्होंने प्रतिभागियों और उनके अभिभावकों को बधाई देते हुए कहा कि ऐसी परीक्षाएं विद्यार्थियों को राष्ट्रीय स्तर की चुनौतियों के लिए तैयार करती हैं.

उन्होंने यह भी घोषणा की कि सम्मानित छात्र-छात्राओं को विभाग की ओर से तारामंडल में निःशुल्क वर्चुअल रियलिटी शो और प्लेनेटेरियम शो का अवसर दिया जाएगा. साथ ही डॉ. ए. पी. जे. अब्दुल कलाम साइंस सिटी में निःशुल्क शैक्षणिक भ्रमण की सुविधा भी प्रदान की जाएगी.
गौरतलब है कि डॉ. सी. वी. रमन टैलेंट सर्च इन साइंस प्रतियोगिता परीक्षा–2025 का आयोजन 29 नवंबर से 1 दिसंबर 2025 के बीच राज्यभर में किया गया था. परीक्षा राज्य के सभी सरकारी इंजीनियरिंग एवं पॉलिटेक्निक कॉलेजों में संपन्न हुई. कुल 69,107 विद्यार्थियों ने पंजीकरण कराया, जिनमें से 48,249 छात्र-छात्राएं परीक्षा में शामिल हुए. इनमें 28,315 बालक और 19,934 बालिकाएं थीं.
कार्यक्रम में डॉ. अनंत कुमार, परियोजना निदेशक, बिहार काउंसिल ऑन साइंस एंड टेक्नोलॉजी, प्रो. (डॉ.) सुरेश कान्त वर्मा, कुलपति, बिहार अभियंत्रण विश्वविद्यालय, डॉ. चन्द्रशेखर, सचिव, राज्य तकनीकी शिक्षा बोर्ड सहित कई वरीय पदाधिकारी उपस्थित रहे. समारोह में बड़ी संख्या में शिक्षक, अभिभावक और विद्यार्थी शामिल हुए.
यह आयोजन न केवल विज्ञान के प्रति विद्यार्थियों की रुचि को प्रोत्साहित करता है, बल्कि बिहार में वैज्ञानिक सोच और नवाचार की संस्कृति को भी मजबूत आधार प्रदान करता है.
4+