पटना (PATNA) : राजधानी पटना में आगामी रामनवमी को लेकर तैयारियां जोर-शोर से चल रही हैं. 27 मार्च को होने वाले इस महापर्व के आयोजन को लेकर प्रेस कॉन्फ्रेंस आयोजित की गई जिसमें श्री महावीर स्थान न्यास समिति के सचिव शायन कुणाल ने विस्तृत जानकारी दी.
शहर के 52 अलग-अलग स्थानों से आकर्षक झांकियां निकाली जाएंगी
प्रेस कॉन्फ्रेंस में बताया गया कि इस वर्ष रामनवमी पर पटना शहर में भव्य आयोजन होगा. शहर के 52 अलग-अलग स्थानों से आकर्षक झांकियां निकाली जाएंगी जो श्रद्धालुओं के बीच आस्था और उत्साह का माहौल बनाएंगी. पूरे पटना को लगभग 2 लाख भगवा ध्वजों से सजाया जाएगा जिससे पूरा शहर भक्तिमय रंग में रंगा नजर आएगा. सुरक्षा और व्यवस्था को ध्यान में रखते हुए शहर के विभिन्न स्थानों पर कमांड एंड कंट्रोल सेंटर स्थापित किए जाएंगे. सीसीटीवी कैमरों के माध्यम से पूरे आयोजन की लाइव मॉनिटरिंग की जाएगी ताकि किसी भी प्रकार की अव्यवस्था या घटना पर तुरंत नियंत्रण पाया जा सके.
30 एलईडी स्क्रीन के जरिए महावीर मंदिर के दर्शन कराए जाएंगे
श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए कई विशेष व्यवस्थाएं भी की गई हैं. बुद्धा स्मृति पार्क के पास पार्किंग की व्यवस्था रहेगी. साथ ही 30 एलईडी स्क्रीन के जरिए महावीर मंदिर के दर्शन कराए जाएंगे जिससे अधिक से अधिक लोग बिना भीड़ के दर्शन कर सकें. प्रसाद वितरण के लिए 8 अलग-अलग काउंटर बनाए जाएंगे ताकि श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की परेशानी न हो. इसके अलावा, पहले 10 श्रद्धालुओं को विशेष रूप से सम्मानित किया जाएगा. मंदिर प्रशासन ने वीआईपी श्रद्धालुओं से अपील की है कि वे दोपहर 12 बजे के बाद ही दर्शन के लिए आएं ताकि आम श्रद्धालुओं को सुविधा मिल सके.
सुरक्षा के कड़े इंतजाम, CCTV कैमरों से रहेगी विशेष निगरानी
प्रशासन की ओर से सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं. चोरी और अन्य आपराधिक गतिविधियों पर नजर रखने के लिए सीसीटीवी कैमरों की विशेष निगरानी रहेगी .कुल मिलाकर इस बार पटना में रामनवमी का आयोजन भव्य, व्यवस्थित और तकनीकी रूप से सशक्त होने जा रहा है जिससे श्रद्धालुओं को एक सुरक्षित और सुगम अनुभव मिल सके.
Thenewspost - Jharkhand
4+


