दरभंगा(DARBHANGA):बिहार के दरभंगा जिले से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जिसने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया है.जहां सनकी पति ने अपनी पत्नी के साथ तीन बच्चों को मौत के घाट उतार दिया है. पूरा मामला पतोर थाना क्षेत्र के चंदनपट्टी गांव का है. जहां घरेलू विवाद के चलते एक व्यक्ति ने अपनी ही पत्नी और तीन मासूम बच्चों की बेरहमी से हत्या कर दी. आरोपी की पहचान संदीप दास के रूप में हुई है, जो अपने परिवार के साथ चंदनपट्टी स्थित एक मुर्गा फार्म में मजदूरी का काम करता था.
पढ़े क्यों दिया वारदात को अंजाम
जानकारी के मुताबिक मंगलवार की सुबह पति-पत्नी के बीच किसी बात को लेकर कहासुनी शुरू हुई, जो देखते ही देखते हिंसक झगड़े में बदल गई। आरोप है कि इसी दौरान संदीप दास ने आपा खो दिया और अपनी पत्नी तथा तीन बच्चों पर हमला कर दिया.इस दर्दनाक घटना में पत्नी फूल कुमारी दास, पुत्र हृदय दास, पुत्री संध्या दास और एक अन्य पुत्र सोन दास की मौत हो गई.घटना को अंजाम देने के बाद आरोपी संदीप दास ने खुद को भी घायल कर लिया.
मामले की जांच कर रही है पुलिस
स्थानीय लोगों की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और गंभीर रूप से घायल आरोपी को हिरासत में लेकर इलाज के लिए दरभंगा मेडिकल कॉलेज एंड हॉस्पिटल (DMCH) में भर्ती कराया गया है, जहां उसकी हालत गंभीर बताई जा रही है.पुलिस ने सभी शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है.

