बिहार में नक्सलियों की कमर टूटी, STF के सख्त अभियान से हालात काबू में

    बिहार में नक्सलियों की कमर टूटी, STF के सख्त अभियान से हालात काबू में

    पटना (PATNA) : बिहार में नक्सलवाद अब अपने अंतिम दौर में पहुंचता नजर आ रहा है. पुलिस उप-महानिरीक्षक (STF) संजय कुमार सिंह ने जानकारी देते हुए कहा कि राज्य में नक्सली गतिविधियां लगभग समाप्त हो चुकी हैं. हालांकि एहतियात के तौर पर चार जिलों जमुई, लखीसराय, गया और औरंगाबाद में अब भी पुलिस की विशेष नजर बनी हुई है.

    मुख्यधारा में लौट सकें

    हाल ही में एक नक्सली ने आत्मसमर्पण किया है. उसके पास से ऑटोमेटिक हथियार और पुलिस से लूटी गई बंदूकें भी बरामद की गई हैं. सरकार की पुनर्वास नीति के तहत उसके परिजनों को 13 लाख रुपये की सहायता राशि दी गई है ताकि वे मुख्यधारा में लौट सकें.

    STF की सक्रियता को दर्शाता है ये रिकॉर्ड 

    एसटीएफ द्वारा 1 जनवरी 2026 से चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत बड़ी सफलता हासिल हुई है. अब तक एक AK-47, एक इंसास पिस्टल और करीब 1600 गोलियां अपराधियों से बरामद की गई हैं. इसके अलावा अपहरण के मामलों में कार्रवाई करते हुए 6 लोगों को सुरक्षित छुड़ाया गया है जो STF की सक्रियता को दर्शाता है.

    लगातार जारी रहेगी कार्रवाई

    नक्सलवाद के साथ-साथ भूमाफियाओं पर भी STF ने शिकंजा कसना शुरू कर दिया है. पटना, मुजफ्फरपुर और भागलपुर जैसे बड़े जिलों में जमीन से जुड़े अवैध कारोबार पर विशेष अभियान चलाया जा रहा है. अधिकारियों का कहना है कि अपराध और माफिया नेटवर्क को जड़ से खत्म करने के लिए लगातार कार्रवाई जारी रहेगी.



    Related News