बाढ़ ( BARH) : बिहार के बाढ़ थाना क्षेत्र में पारिवारिक विवाद एक बार फिर हिंसक रूप लेता नजर आया. सिकंदरा गांव में बीते दिनों से चल रहे आपसी विवाद ने सोमवार सुबह गंभीर रूप ले लिया जब बड़े भाई ने अपने ही छोटे भाई पर चाकू से हमला कर दिया. इस घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई.
भाई ही भाई का बन बैठा दुश्मन
जानकारी के अनुसार आरोपी बड़े भाई रविंद्र राय ने अपने छोटे भाई मनीष कुमार पर उस समय हमला किया जब वह सो रहा था. बताया जा रहा है कि दोनों भाइयों के बीच पिछले कुछ दिनों से किसी बात को लेकर लगातार झगड़ा चल रहा था. सोमवार सुबह इसी विवाद ने अचानक उग्र रूप ले लिया और रविंद्र राय ने चाकू से मनीष के पेट पर वार कर दिया जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया.
पारिवारिक विवाद में चाकू से प्रहार
घटना के तुरंत बाद परिजनों और ग्रामीणों की मदद से घायल मनीष कुमार को इलाज के लिए अनुमंडलीय अस्पताल पहुंचाया गया जहां उसका इलाज जारी है. डॉक्टरों के अनुसार घायल की स्थिति फिलहाल स्थिर बताई जा रही है लेकिन उसे निगरानी में रखा गया है. घटना की सूचना मिलते ही बाढ़ थाना पुलिस मौके पर पहुंची और पूरे मामले की जांच शुरू कर दी है. पुलिस अधिकारी अमरनाथ सिंह ने बताया कि घटना के पीछे पारिवारिक विवाद की पुष्टि हुई है और आरोपी की तलाश की जा रही है. जल्द ही उसे गिरफ्तार कर लिया जाएगा.
स्थानीय ग्रामीणों का कहना है कि क्षेत्र में हाल के दिनों में आपराधिक घटनाएं बढ़ती जा रही हैं. गौरतलब है कि इससे एक दिन पहले राणा बिरहा गांव में भी चाकूबाजी की घटना सामने आई थी. लगातार हो रही ऐसी घटनाओं से लोगों में भय का माहौल बना हुआ है.

