सीवान (SIWAN): सिवान पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एक कुख्यात इनामी अपराधी को मुठभेड़ में मार गिराया है.बड़हरिया थाना क्षेत्र में हुई इस एनकाउंटर में 25 हजार रुपये का इनामी अपराधी सोनू यादव ढेर हो गया. इस कार्रवाई के बाद इलाके में सनसनी फैल गई है.मारा गया अपराधी सोनू यादव कई संगीन मामलों में वांछित था.
एमएलसी मनोज सिंह के बहनोई और भांजे पर हुए हमले में भी उसका नाम
हाल ही में पूर्व एमएलसी मनोज सिंह के बहनोई और भांजे पर हुए हमले में भी उसका नाम सामने आया था.चार दिन पहले हुई इस घटना में मनोज सिंह के भांजे हर्ष सिंह की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी, जबकि उनके बहनोई गंभीर रूप से घायल हो गए थे.उनका इलाज पटना में चल रहा है.इस वारदात के बाद अपराधियों की गिरफ्तारी को लेकर पुलिस पर काफी दबाव था. इसी बीच पुलिस को गुप्त सूचना मिली कि सोनू यादव अपने साथियों के साथ बड़हरिया इलाके में छिपा हुआ है. सूचना मिलते ही पुलिस ने इलाके की घेराबंदी कर दी.
मौके पर ही मौत
दबिश के दौरान अपराधियों ने पुलिस टीम पर फायरिंग शुरू कर दी, जिसके बाद पुलिस ने जवाबी कार्रवाई की.इस दौरान सोनू यादव को गोली लगी और उसकी मौके पर ही मौत हो गई.मृतक की पहचान हुसैनगंज थाना क्षेत्र के सरेया गांव निवासी गरजू यादव के पुत्र सोनू यादव के रूप में हुई है.इससे पहले 30 अप्रैल की रात पुलिस ने इसी मामले में शामिल अपराधी छोटू यादव को मुठभेड़ में दोनों पैरों में गोली मारकर गिरफ्तार किया था.
घटना में इस्तेमाल की गई कार भी बरामद
वहीं, 1 मई को एक अन्य आरोपी सुनील यादव को गिरफ्तार किया गया था. उसके पास से घटना में इस्तेमाल की गई कार भी बरामद की गई है.लगातार हो रही इन कार्रवाइयों से साफ है कि पुलिस इस गैंग के खिलाफ पूरी तरह एक्शन मोड में है.फिलहाल, एनकाउंटर के बाद पूरे इलाके में सुरक्षा बढ़ा दी गई है. फरार अन्य अपराधियों की तलाश में पुलिस लगातार छापेमारी कर रही है.पुलिस अधिकारियों का कहना है कि अपराधियों के खिलाफ यह अभियान आगे भी जारी रहेगा.

