पटना (PATNA) : बिहार में भ्रष्टाचार के खिलाफ सख्त रुख अपनाते हुए विशेष निगरानी इकाई (SVU) ने राजधानी पटना समेत कई ठिकानों पर एक साथ छापेमारी की है. इस कार्रवाई से प्रशासनिक हलकों में हड़कंप मच गया है. मामला कार्यपालक अभियंता राजीव कुमार से जुड़ा है जिन पर आय से अधिक संपत्ति अर्जित करने का गंभीर आरोप है.
निगरानी इकाई ने राजीव कुमार के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम 1988 (Prevention of Corruption Act) के तहत कांड संख्या 15/2026 दर्ज किया है. जांच एजेंसी के अनुसार अभियंता पर करीब 1.10 करोड़ रुपये की अवैध संपत्ति जमा करने का आरोप है,जो उनकी ज्ञात आय से काफी अधिक बताई जा रही है
अलग-अलग स्थानों पर सर्च ऑपरेशन
SVU की टीम ने पटना में अलग-अलग स्थानों पर एक साथ सर्च ऑपरेशन शुरू किया है। जिन ठिकानों पर छापेमारी की जा रही है, उनमें फ्लैट B-202, सुमित चंद्रम गृह अपार्टमेंट, दानापुर स्थित लैंडमार्क गोल्ड अपार्टमेंट और पंत भवन की छठी मंजिल स्थित कार्यालय शामिल हैं। टीम इन जगहों पर दस्तावेजों, बैंक खातों और निवेश से जुड़े कागजातों की बारीकी से जांच कर रही है।
न्यायालय के आदेश पर कार्रवाई
यह पूरी कार्रवाई विशेष न्यायाधीश (निगरानी) के आदेश पर की जा रही है. कानूनी प्रक्रिया के तहत निगरानी टीम को छापेमारी और संभावित जब्ती की अनुमति दी गई है. सूत्रों के मुताबिक छापेमारी के दौरान कई अहम दस्तावेज और संपत्ति से जुड़े सुराग मिलने की संभावना है जिससे मामले में और बड़े खुलासे हो सकते हैं. फिलहाल जांच जारी है और SVU की टीम हर पहलू को खंगालने में जुटी हुई है.


