भागलपुर अस्पताल में बड़ा हादसा टला, रेडियोलॉजी विभाग में लगी आग

    भागलपुर अस्पताल में बड़ा हादसा टला, रेडियोलॉजी विभाग में लगी आग

    भागलपुर (BHAGALPUR) :  मायागंज अस्पताल में शनिवार को उस वक्त अफरा-तफरी मच गई जब रेडियोलॉजी विभाग में अचानक शॉर्ट सर्किट के कारण आग लग गई. आग लगते ही पूरे विभाग में धुआं तेजी से फैलने लगा और तेज आवाज के कारण मरीजों तथा उनके परिजनों के बीच दहशत का माहौल बन गया. स्थिति इतनी भयावह हो गई कि कुछ देर के लिए लोगों को समझ नहीं आया कि क्या किया जाए.

    बड़ा हादसा टला

    हालांकि मौके पर मौजूद स्वास्थ्य कर्मियों ने सूझबूझ और तत्परता का परिचय देते हुए हालात को संभाला.उन्होंने तुरंत मरीजों को सुरक्षित बाहर निकालना शुरू किया. इस दौरान कई मरीजों को वार्ड से बाहर शिफ्ट किया गया, जबकि कुछ स्वास्थ्य कर्मियों और नर्सों को खिड़की तोड़कर बाहर निकाला गया. समय रहते किए गए इस प्रयास से एक बड़ा हादसा टल गया.

    आग पर काबू

    घटना की जानकारी मिलते ही अग्निशमन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और आग बुझाने का काम शुरू किया. काफी मशक्कत के बाद आखिरकार आग पर काबू पा लिया गया. राहत की बात यह रही कि इस घटना में किसी भी प्रकार की जनहानि नहीं हुई जिससे अस्पताल प्रशासन और परिजनों ने राहत की सांस ली.

    नुकसान का आकलन

    अस्पताल अधीक्षक डॉ. एचपी दुबे ने बताया कि आग लगने के कारणों की जांच की जा रही है और नुकसान का आकलन किया जा रहा है. उन्होंने यह भी कहा कि जल्द ही सभी क्षतिग्रस्त उपकरणों और व्यवस्थाओं को दुरुस्त कर दिया जाएगा. ताकि मरीजों को किसी तरह की परेशानी न हो.

    वहीं, मौके पर मौजूद मरीजों के परिजनों ने बताया कि आग लगने के दौरान पूरे विभाग में घना धुआं भर गया था, जिससे सांस लेने में दिक्कत हो रही थी और काफी डर का माहौल बन गया था.

     


    the newspost app
    Thenewspost - Jharkhand
    50+
    Downloads

    4+

    Rated for 4+
    Install App

    Related News

    Our latest news