बेगूसराय(BEGUSARAI):बिहार में शिक्षा व्यवस्था को सुधारने और स्कूलों में अनुशासन बनाए रखने को लेकर लगातार प्रयास किए जा रहे है, लेकिन कुछ मामलों ने पूरे तंत्र पर सवाल खड़े कर दिए है.ऐसा ही एक मामला बेगूसराय जिले के साहेबपुरकमाल प्रखंड से सामने आया है, जहां एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है.
डांसर पर नोट उड़ाते दिख रहे है मास्टर जी
इस वायरल वीडियो में एक व्यक्ति कथित तौर पर नशे की हालत में आर्केस्ट्रा कार्यक्रम के दौरान मंच पर नर्तकी के साथ ठुमके लगाते हुए और नोट उड़ाते हुए दिखाई दे रहा है.बताया जा रहा है कि इस व्यक्ति की पहचान उत्क्रमित मध्य विद्यालय, नया जाफर नगर के प्रभारी प्रधानाध्यापक सुनील कुमार के रूप में की जा रही है.हालांकि इस वीडियो की आधिकारिक पुष्टि अभी तक प्रशासनिक स्तर पर नहीं की गई है, लेकिन इसके सामने आने के बाद इलाके में चर्चा और आक्रोश का माहौल है.
स्थानीय लोगों में नाराजगी
वीडियो को लेकर स्थानीय लोगों में नाराजगी देखी जा रही है और वे शिक्षा विभाग से इस मामले की गंभीर जांच और उचित कार्रवाई की मांग कर रहे है.लोगों का कहना है कि जहां एक ओर शिक्षक समाज को दिशा देने का कार्य करते हैं, वहीं इस तरह की कथित हरकतें शिक्षा व्यवस्था की छवि को धूमिल करती है.खासकर तब जब छात्र बेहतर भविष्य के लिए कड़ी मेहनत कर रहे हो.फिलहाल, पूरे मामले पर शिक्षा विभाग की प्रतिक्रिया का इंतजार है. अब देखना होगा कि वायरल वीडियो की सच्चाई की जांच के बाद प्रशासन इस मामले में क्या कदम उठाता है.

