भागलपुर : जिले में एक इंटर छात्र द्वारा लॉज के कमरे में फांसी लगाकर आत्महत्या करने का मामला सामने आया है. मृतक की पहचान बांका जिले के बंधुआ कुरामा थाना क्षेत्र के भल्सनिया गांव निवासी प्रदीप यादव के पुत्र विशाल यादव के रूप में हुई है.
लॉज में रहकर पढ़ाई करता था छात्र
विशाल पिछले एक वर्ष से भागलपुर के तातारपुर थाना क्षेत्र स्थित उर्दू बाजार के ठाकुरबाड़ी के पास सीता सदन लॉज में रहकर पढ़ाई कर रहा था. सुबह काफी देर तक जब विशाल अपने कमरे से बाहर नहीं निकला तो लॉज मालिक को शक हुआ. खिड़की से झांककर देखने पर विशाल को फंदे से लटका पाया गया. इसके बाद तत्काल पुलिस और परिजनों को सूचना दी गई. सूचना मिलते ही तातारपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और फॉरेंसिक टीम को बुलाया गया.
फॉरेंसिक टीम ने कई अहम साक्ष्य लिया कब्जे में
पुलिस ने कमरे की जांच कर मृतक का मोबाइल जब्त कर लिया है जबकि फॉरेंसिक टीम ने रस्सी समेत कई अहम साक्ष्य जांच के लिए अपने कब्जे में लिए हैं. शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है. वही पुलिस अभी किसी ठोस निष्कर्ष पर नहीं पहुंची है. तातारपुर थानाध्यक्ष रवि ने बताया कि आत्महत्या के कारणों का स्पष्ट पता नहीं चल सका है. परिजनों के आवेदन के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी और मोबाइल की जांच के बाद महत्वपूर्ण सुराग मिलने की संभावना है. पुलिस सभी पहलुओं से मामले की जांच कर रही है.
Thenewspost - Jharkhand
4+


