किसानों के लिए खुशखबरी, बिहार बनेगा सब्जी बीज उत्पादन का नया केंद्र, PPP मॉडल से होगी खेती

    किसानों के लिए खुशखबरी, बिहार बनेगा सब्जी बीज उत्पादन का नया केंद्र, PPP मॉडल से होगी खेती

    पटना (PATNA): बिहार से कृषि क्षेत्र के लिए एक बड़ी पहल सामने आई है, जहां राज्य को आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में सरकार ने अहम कदम उठाया है. अब देश के प्रमुख बीज उत्पादक संस्थान राज्य में ही सब्जी बीज और पौध तैयार करेंगे, जिससे किसानों को बेहतर गुणवत्ता और सस्ती दरों पर रोपण सामग्री उपलब्ध हो सकेगी.

    इस दिशा में कृषि भवन, मीठापुर स्थित ऑडिटोरियम में “बिहार में उद्यानिकी रोपण-सामग्री उत्पादन हेतु PPP मॉडल” विषय पर उच्चस्तरीय बैठक आयोजित की गई. बैठक की अध्यक्षता कृषि विभाग के प्रधान सचिव नर्मदेश्वर लाल ने की, जिसमें विभागीय अधिकारियों, कृषि विश्वविद्यालयों, वैज्ञानिकों, निजी बीज कंपनियों, एफपीओ और नर्सरी संचालकों ने भाग लिया.

    बैठक में प्रधान सचिव ने कहा कि गुणवत्तापूर्ण बीज और रोपण सामग्री की उपलब्धता ही किसानों की आय बढ़ाने और उद्यानिकी क्षेत्र को मजबूत करने की कुंजी है. वर्तमान में बिहार काफी हद तक अन्य राज्यों पर निर्भर है, जिससे लागत बढ़ती है और किसानों को समय पर सामग्री नहीं मिल पाती. उन्होंने स्पष्ट किया कि अब राज्य को उपभोक्ता से उत्पादक बनाने की दिशा में काम किया जाएगा.

    विशेष सचिव बीरेन्द्र प्रसाद यादव ने बताया कि बैठक में मिले सुझावों के आधार पर एक ठोस कार्ययोजना तैयार की जाएगी, जिससे राज्य में बीज और पौध की आत्मनिर्भर आपूर्ति प्रणाली विकसित हो सके. वहीं उद्यान निदेशक अभिषेक कुमार ने जानकारी दी कि फिलहाल 80 प्रतिशत से अधिक रोपण सामग्री बाहर से आती है, लेकिन राज्य में मौजूद 300 से ज्यादा नर्सरी और 60 से अधिक कृषि फार्म को इस दिशा में उपयोग किया जा सकता है.

    बैठक में PPP आधारित “हब-एंड-स्पोक” मॉडल, बीज ग्राम योजना, नर्सरी उन्नयन और डिजिटल ट्रैकिंग जैसे विषयों पर विस्तार से चर्चा हुई. सभी ने इस बात पर सहमति जताई कि किसानों को समय पर और गुणवत्तापूर्ण सामग्री उपलब्ध कराना सर्वोच्च प्राथमिकता होगी. इस पहल से बिहार में उद्यानिकी क्षेत्र को नई गति मिलने और किसानों की आय में बढ़ोतरी की उम्मीद जताई जा रही है.



    Related News