मोतिहारी में डिजिटल अरेस्ट के नाम पर ठगी, 4 साइबर अपराधी गिरफ्तार, इंटरनेशनल कनेक्शन का हुआ खुलासा

    मोतिहारी में डिजिटल अरेस्ट के नाम पर ठगी, 4 साइबर अपराधी गिरफ्तार, इंटरनेशनल कनेक्शन का हुआ खुलासा

    मोतिहारी (MOTIHARI): जिले में पुलिस ने एक बड़ी कार्रवाई करते हुए साइबर ठगी गिरोह के चार सदस्यों को गिरफ्तार कर अंतरराष्ट्रीय नेटवर्क का खुलासा किया है. गिरफ्तार सभी आरोपी पूर्वी चंपारण जिले के रहने वाले हैं और इनका कनेक्शन पाकिस्तान समेत अन्य देशों में बैठे साइबर अपराधियों से जुड़ा बताया जा रहा है.

    पुलिस के अनुसार, यह गिरोह लोगों को डिजिटल अरेस्ट का डर दिखाकर ठगी करता था. अपराधी सोशल मीडिया और अन्य ऑनलाइन प्लेटफॉर्म पर भ्रामक जानकारी फैलाकर लोगों को अपने जाल में फंसाते थे. इसके बाद उन्हें फर्जी कानूनी कार्रवाई का भय दिखाकर उनके बैंक खातों से पैसे निकलवा लिए जाते थे.

    मामले का खुलासा तब हुआ जब कल्याणपुर थाना क्षेत्र के एक युवक के इस नेटवर्क से जुड़े होने की जानकारी मिली. इसके बाद चकिया डीएसपी के नेतृत्व में एक विशेष टीम गठित कर छापेमारी की गई, जिसमें मुख्य आरोपी अंकित कुमार को गिरफ्तार किया गया. उसकी निशानदेही पर तीन अन्य आरोपी युवराज कुमार, मो. साहिल और चुन्नू कुमार को भी पकड़ा गया. पूछताछ में सामने आया कि ठगी से मिली रकम को अलग-अलग बैंक खातों के जरिए निकाला जाता था और फिर कैश डिपॉजिट मशीन के माध्यम से गिरोह के सरगना तक पहुंचाया जाता था. इसके बदले आरोपियों को करीब 10 प्रतिशत कमीशन मिलता था.

    पुलिस ने आरोपियों के पास से सात बैंक पासबुक, दस डेबिट कार्ड, एक ब्लैंक चेक, पांच मोबाइल फोन और तीन बाइक बरामद किए हैं. फिलहाल पुलिस इस अंतरराष्ट्रीय साइबर नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की तलाश में जुटी है और बैंक खातों और डिजिटल लेन-देन की गहन जांच कर रही है.



    Related News