पटना(PATNA):गंगा दशहरा के मौके पर राजधानी पटना के गांधी घाट पर मंगलवार को बड़ा हादसा हो गया. गंगा स्नान करने पहुंचे 5 से 6 नाबालिग और युवक तेज बहाव की चपेट में आ गए. हादसे के बाद घाट पर अफरा-तफरी मच गई और मौके पर लोगों की भारी भीड़ जुट गई.जानकारी के अनुसार, पीरबहोर थाना क्षेत्र स्थित गांधी घाट पर सभी युवक गंगा नदी में स्नान कर रहे थे. इसी दौरान अचानक नदी के तेज बहाव में फंसकर डूबने लगे. युवकों को बचाने के लिए चंदन कुमार नामक युवक भी नदी में उतरा, लेकिन वह भी गंगा की तेज धारा में समा गया.
राहत-बचाव कार्य शुरू
घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय प्रशासन, गोताखोरों और SDRF की टीम मौके पर पहुंची और राहत-बचाव कार्य शुरू किया गया. काफी मशक्कत के बाद तीन लोगों के शव नदी से बरामद किए गए है. मृतकों की पहचान चंदन कुमार, समर कुमार और अमित कुमार के रूप में हुई है.वहीं, नाविकों की मदद से दो नाबालिग बच्चों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया. हालांकि जय कुमार नामक एक युवक अब भी लापता बताया जा रहा है, जिसकी तलाश लगातार जारी है.
पूरे इलाके में मातम
घटना के बाद पूरे इलाके में मातम पसरा हुआ है. पुलिस ने सभी शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए पीएमसीएच भेज दिया है. SDRF और गोताखोरों की टीम गंगा नदी में लगातार सर्च ऑपरेशन चला रही है.गांधी घाट पर हुए इस दर्दनाक हादसे ने गंगा दशहरा की खुशियों को मातम में बदल दिया है.

