प्रथम नेत्रहीन महिला टी-20 विश्व कप 2025, CM नीतीश कुमार ने विजेता अनु कुमारी को किया सम्मानित

    First Blind Women's T20 World Cup 2025, CM Nitish Kumar honored winner Anu Kumari | प्रथम नेत्रहीन महिला टी-20 विश्व कप 2025, CM नीतीश कुमार ने विजेता अनु कुमारी को किया सम्मानित

    पटना : बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने आज प्रथम नेत्रहीन महिला टी-20 विश्व कप 2025 की विजेता भारतीय टीम की खिलाड़ी सुश्री अनु कुमारी को सम्मानित किया. यह सम्मान समारोह पटना स्थित मुख्यमंत्री आवास “संकल्प”, 01 अणे मार्ग में आयोजित किया गया.

    मुख्यमंत्री ने अनु कुमारी को उनकी ऐतिहासिक उपलब्धि के लिए चेक एवं अंगवस्त्र प्रदान कर सम्मानित किया. इस अवसर पर उन्होंने कहा कि अनु कुमारी ने न केवल बिहार बल्कि पूरे देश का मान बढ़ाया है. नेत्रहीन महिला क्रिकेट टीम की यह जीत समाज के लिए प्रेरणादायक है और यह साबित करती है कि प्रतिभा किसी भी शारीरिक सीमा की मोहताज नहीं होती.

    मुख्यमंत्री ने भारतीय महिला टीम की इस उपलब्धि को ऐतिहासिक बताते हुए कहा कि सरकार खेल प्रतिभाओं को हर संभव सहयोग प्रदान करने के लिए प्रतिबद्ध है. उन्होंने अनु कुमारी के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए अन्य युवाओं से भी उनसे प्रेरणा लेने की अपील की.

    सम्मान समारोह के दौरान खेल विभाग के कई वरिष्ठ अधिकारी और गणमान्य लोग भी उपस्थित रहे. अनु कुमारी ने मुख्यमंत्री का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि यह सम्मान उन्हें आगे और बेहतर प्रदर्शन करने के लिए प्रेरित करेगा.



    Related News