बिहार में गजराज का आतंक, हमले में बुजुर्ग महिला की गई जान

    बिहार में गजराज का आतंक, हमले में बुजुर्ग महिला की गई जान

    नवादा (NAWADA) : बिहार के नवादा जिले से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है जहां जंगली हाथियों के हमले में एक बुजुर्ग महिला की मौत हो गई. घटना गोविंदपुर थाना क्षेत्र के माधोपुर गांव की है जहां 70 वर्षीय मुन्ना देवी खेत में गेहूं काट रही थी.

    रोज की तरह खेत में काम कर रही थी बुजुर्ग महिला

    मृतका के पुत्र शिव रत्न प्रसाद यादव ने बताया कि उनकी मां रोज की तरह खेत में काम कर रही थी. इसी दौरान अचानक दो दर्जन से अधिक हाथियों का झुंड खेत की ओर आ गया. ग्रामीण कुछ समझ पाते उससे पहले ही एक हाथी ने मुन्ना देवी को दौड़ा लिया. वह जान बचाने की कोशिश करती रहीं लेकिन हाथी ने उन्हें अपनी सूंड से उठाकर पटक दिया जिससे मौके पर ही उनकी मौत हो गई.

    घटना के बाद पूरे इलाके में दहशत का माहौल

    घटना के बाद पूरे इलाके में दहशत का माहौल है. ग्रामीणों का कहना है कि इस क्षेत्र में अक्सर हाथियों का झुंड आ जाता है. जिससे जान-माल का खतरा बना रहता है. लोगों ने वन विभाग से इस समस्या का स्थायी समाधान निकालने की मांग की है. सूचना मिलते ही गोविंदपुर थाना की पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए नवादा सदर अस्पताल भेज दिया. पुलिस मामले की जांच में जुटी है.

    इस घटना ने एक बार फिर मानव और वन्यजीव संघर्ष की गंभीर समस्या को उजागर कर दिया है. ग्रामीणों का कहना है कि यदि समय रहते कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया तो ऐसी घटनाएं आगे भी होती रहेंगी.

     

     



    Related News