बेगूसराय(BEGUSARAI): जिले में एक बार फिर अपराध और दबंगई का मामला सामने आया है. जहां साहेबपुर कमाल थाना क्षेत्र के चौकी गांव का एक वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें एक युवक हथियार लहराते हुए एक ग्रिल दुकान पर पहुंचकर दुकानदार को धमकाता और फायरिंग करता दिखाई दे रहा है. हालांकि, इस वीडियो की दा न्यूज पोस्ट पुष्टि नहीं करता है.
जानकारी के अनुसार, घटना चौकी पंचायत के वार्ड संख्या-10 की बताई जा रही है. बताया जाता है कि ग्रिल दुकानदार विकास शर्मा की दुकान के सामने आरोपी युवक बाइक की बैटरी चोरी कर रहा था. इसी दौरान दुकानदार ने उसे रंगे हाथ पकड़ लिया. चोरी का विरोध करने पर आरोपी और दुकानदार के बीच कहासुनी हो गई.
देखते ही देखते विवाद बढ़ गया और आरोपी ने कथित तौर पर देसी कट्टा निकालकर दुकानदार को धमकी दी और फायरिंग कर दी. राहत की बात यह रही कि गोली किसी को नहीं लगी और दुकानदार बाल-बाल बच गया. घटना के दौरान मौके पर मौजूद स्थानीय लोगों ने तत्परता दिखाते हुए आरोपी को पकड़ लिया और स्थिति को नियंत्रित किया. इसके बाद मामला पुलिस तक पहुंचा। सूचना मिलते ही साहेबपुर कमाल थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी.
थाना अध्यक्ष सिंटू कुमार ने बताया कि वायरल वीडियो उनके संज्ञान में है और पूरे मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है. उन्होंने कहा कि वीडियो में दिख रहे व्यक्ति की पहचान की जा रही है और उसके खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी. साथ ही उन्होंने यह भी बताया कि अभी तक इस मामले में पीड़ित पक्ष की ओर से कोई लिखित शिकायत नहीं दी गई है. पुलिस सभी पहलुओं पर जांच कर रही है.
Thenewspost - Jharkhand
4+

