बिहार शरीफ के मॉडल अस्पताल कैम्पस में अचानक लगी आग, अफरा-तफरी का माहौल

    Fire in model school bihar Sharif:बिहार शरीफ के मॉडल अस्पताल कैंपस में शुक्रवार की शाम अचानक आग लगने से अफरा-तफरी का माहौल पैदा हो गया. बताया जा रहा है कि अस्पताल परिसर में रखे स्क्रैप के ढेर में अचानक आग भड़क उठी

    बिहार शरीफ के मॉडल अस्पताल कैम्पस में अचानक लगी आग, अफरा-तफरी का माहौल

    नालंदा(NALANDA):बिहार शरीफ के मॉडल अस्पताल कैंपस में शुक्रवार की शाम अचानक आग लगने से अफरा-तफरी का माहौल पैदा हो गया. बताया जा रहा है कि अस्पताल परिसर में रखे स्क्रैप के ढेर में अचानक आग भड़क उठी.देखते ही देखते आग ने विकराल रूप लेना शुरू कर दिया और पूरे इलाके में काले धुएं का गुबार फैल गया.धुआं उठता देख आसपास के लोग घबरा गए और मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई.

    परिसर में अफरा-तफरी

    घटना की जानकारी मिलते ही अस्पताल में तैनात सुरक्षा गार्डों ने तुरंत आग बुझाने का प्रयास शुरू किया. वहीं अस्पताल के कर्मी भी फायर सिस्टम के जरिए आग पर काबू पाने में जुट गए, लेकिन स्क्रैप में लगी आग धीरे-धीरे और फैलती जा रही थी, जिससे स्थिति चिंताजनक हो गई.बताया जाता है कि सदर अस्पताल से मॉडल अस्पताल में शिफ्टिंग के दौरान काफी मात्रा में पुराने उपकरण, फर्नीचर और अन्य अनुपयोगी सामग्री को कैंपस में ही जमा कर दिया गया था. उसी स्क्रैप में यह आग लगी, जिससे पूरे परिसर में अफरा-तफरी मच गई.

    कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू

    सूचना मिलते ही अग्निशमन विभाग को बुलाया गया. कुछ ही देर में दमकल की दो गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और आग बुझाने का अभियान शुरू किया.कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पा लिया गया.अस्पताल प्रबंधन के अनुसार, अगर समय रहते आग पर नियंत्रण नहीं पाया जाता, तो यह एक बड़ी दुर्घटना में बदल सकती थी और अस्पताल की अन्य इमारतों को भी नुकसान पहुंच सकता था.अस्पताल प्रबंधक ने बताया कि आग लगने की सूचना मिलते ही तत्काल कार्रवाई की गई और सभी कर्मियों ने मिलकर स्थिति को संभाला. फिलहाल आग लगने के कारणों का स्पष्ट खुलासा नहीं हो पाया है, लेकिन आशंका जताई जा रही है कि किसी व्यक्ति द्वारा जलती हुई सिगरेट फेंकने की वजह से यह घटना हुई हो सकती है.


    the newspost app
    Thenewspost - Jharkhand
    50+
    Downloads

    4+

    Rated for 4+
    Install App

    Related News

    Our latest news