भागलपुर से भारी मात्रा में विदेशी शराब जब्त, 20 लाख बताई जा रही है कीमत

    A huge quantity of foreign liquor was seized from Bhagalpur, the value of which is said to be Rs 20 lakh | भागलपुर से भारी मात्रा में विदेशी शराब जब्त, 20 लाख बताई जा रही है कीमत

    भागलपुर : जिले में अवैध शराब तस्करी के खिलाफ उत्पाद विभाग की टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए पुआल से लदे एक ट्रक से भारी मात्रा में विदेशी शराब बरामद की है. यह खेप झारखंड से बिहार के मुंगेर ले जाई जा रही थी. गुप्त सूचना के आधार पर उत्पाद निरीक्षक मनोज कुमार के नेतृत्व में गठित टीम ने बायपास पर विशेष चेकिंग अभियान चलाया.

    करीब 20 लाख के शराब बरामद

    चेकिंग के दौरान एक ट्रक पर संदेह होने पर उसे रोककर जांच की गई. प्रारंभिक पूछताछ में चालक संतोषजनक जवाब नहीं दे सका. जिसके बाद ट्रक की गहन तलाशी ली गई. तलाशी के दौरान पुआल के अंदर छिपाकर रखी गई 335 पेटियों में लगभग 16,080 प्लास्टिक बोतल विदेशी शराब बरामद की गई. बरामद शराब की अनुमानित कीमत करीब 20 लाख रुपये बताई जा रही है.ट्रक उत्तर प्रदेश नंबर का है जिसे भी जब्त कर लिया गया है.

    उत्पाद विभाग को बड़ी सफलता

    उत्पाद निरीक्षक मनोज कुमार ने बताया कि विभाग को पहले से गुप्त सूचना मिली थी कि झारखंड से शराब की बड़ी खेप बिहार लाई जा रही है. सूचना के सत्यापन के बाद टीम गठित कर बायपास क्षेत्र में सघन जांच शुरू की गई. कार्रवाई के दौरान चालक को गिरफ्तार कर लिया गया है. पुलिसिया पूछताछ में गिरफ्तार चालक ने बताया कि वह शराब को झारखंड से मुंगेर पहुंचाने वाला था.

    सतर्कता के कारण तस्करी की कोशिश विफल

    ट्रक मालिक द्वारा उसे जगदीशपुर के रास्ते जीरोमाइल की ओर जाने का निर्देश दिया गया था ताकि शक से बचा जा सके हालांकि, सतर्कता के कारण तस्करी की यह कोशिश विफल हो गई. छापेमारी दल में उत्पाद निरीक्षक मनोज कुमार, एसआई गौतम कुमार सहित अन्य कर्मी शामिल थे. विभाग अब शराब तस्करी नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए छानबीन कर रहा है.

     



    Related News