रांची मेयर की रेस में रोशनी खलखो को भाजपा का समर्थन, जल्द होगी औपचारिक घोषणा

    रांची मेयर की रेस में रोशनी खलखो को भाजपा का समर्थन, जल्द होगी औपचारिक घोषणा

    रांची (RANCHI): नगर निकाय चुनाव की सरगर्मी के बीच भारतीय जनता पार्टी ने रांची नगर निगम के मेयर पद के लिए रोशनी खलखो को समर्थन देने का निर्णय लिया है. हालांकि पार्टी की ओर से अभी आधिकारिक ऐलान नहीं किया गया है, लेकिन सूत्रों के अनुसार थोड़ी देर में इसकी औपचारिक घोषणा की जा सकती है.

    बताया जा रहा है कि भाजपा के भीतर मेयर पद को लेकर कई नामों पर विचार किया गया. इस दौड़ में अशोक बड़ाईक, रामकुमार पाहन समेत अन्य दावेदार भी शामिल थे, लेकिन अंततः पार्टी नेतृत्व ने रोशनी खलखो के नाम पर सहमति जताई. पार्टी सूत्रों का कहना है कि नगर निकाय चुनाव को लेकर उनके लगातार संघर्ष और सक्रिय भूमिका को देखते हुए उन्हें बेहतर विकल्प माना गया.

    गौरतलब है कि रोशनी खलखो इससे पहले रांची नगर निगम के वार्ड संख्या 19 से पार्षद रह चुकी हैं. खास बात यह रही कि वह निगम क्षेत्र की एकमात्र पार्षद थीं, जो निर्विरोध निर्वाचित हुई थीं. नगर निगम की कार्यप्रणाली और स्थानीय मुद्दों को लेकर उनकी पकड़ को भी पार्टी ने अहम माना है.

    नगर निकाय चुनाव को लेकर रोशनी खलखो ने झारखंड हाईकोर्ट का दरवाजा भी खटखटाया था. उन्होंने इस मुद्दे पर अदालत में लंबी कानूनी लड़ाई लड़ी, जिससे पार्टी नेतृत्व के बीच उनकी पहचान एक सक्रिय और संघर्षशील नेता के रूप में बनी. इसी कारण भाजपा ने उन्हें मेयर पद के लिए समर्थन देने का फैसला किया है.

    फिलहाल राजनीतिक गलियारों में इस फैसले को लेकर चर्चाएं तेज हो गई हैं. अब सभी की नजरें भाजपा की आधिकारिक घोषणा पर टिकी हैं, जिसके बाद रांची नगर निगम के मेयर चुनाव की तस्वीर और साफ हो जाएगी.


    the newspost app
    Thenewspost - Jharkhand
    50+
    Downloads

    4+

    Rated for 4+
    Install App

    Our latest news