दुमका नगर परिषद चुनाव: अध्यक्ष पद के लिए पांच प्रत्याशियों ने किया नामांकन


TNP DESK- झारखंड में नगर निकाय चुनाव की प्रक्रिया तेज़ी से आगे बढ़ रही है। 29 जनवरी से नामांकन की प्रक्रिया शुरू हो चुकी है। दुमका नगर परिषद के अध्यक्ष पद के लिए अब तक कुल 18 प्रत्याशियों ने नाज़ीर रसीद कटवाई है।
शुभ मुहूर्त के बाद बढ़ी नामांकन की रफ्तार
सोमवार को अचानक नामांकन की संख्या में इज़ाफा देखने को मिला। माना जा रहा है कि प्रत्याशी शुभ मुहूर्त का इंतजार कर रहे थे। इसी कारण सोमवार को पांच प्रत्याशियों ने अध्यक्ष पद के लिए अपना नामांकन दाखिल किया।
प्रमुख प्रत्याशियों ने भरा पर्चा
नामांकन करने वालों में निवर्तमान नगर परिषद अध्यक्ष श्वेता झा के पति अजय कुमार झा उर्फ मिक्की झा, दो टर्म उपाध्यक्ष रह चुके विनोद कुमार लाल, पहली बार चुनावी मैदान में उतरे सुमित कुमार पटवारी, सतीश कुमार एवं अंकित कुमार शामिल हैं।
सादगी से लेकर गाजे बाजे तक दिखा चुनावी रंग
कुछ प्रत्याशी सादगी के साथ समाहरणालय पहुंचकर नामांकन करते नजर आए, वहीं कुछ प्रत्याशियों ने गाजे बाजे और समर्थकों के साथ जुलूस निकालकर शक्ति प्रदर्शन किया।
नामांकन के बाद शुरू हुई चुनावी बयानबाज़ी
नामांकन के बाद सभी प्रत्याशी अपने अपने चुनावी मुद्दों को जनता के सामने रख रहे हैं। कुछ प्रत्याशी अपने पूर्व के कार्यकाल की उपलब्धियां गिनाते नजर आए, जबकि नए प्रत्याशी बदलाव का दावा कर रहे हैं।
अनारक्षित सीट ने बढ़ाया मुकाबला
इस बार नगर परिषद अध्यक्ष पद को अनारक्षित रखा गया है। इससे पहले यह पद महिला के लिए आरक्षित था। अनारक्षित होने के कारण प्रत्याशियों की संख्या में अप्रत्याशित बढ़ोतरी देखने को मिल रही है।
रोचक होने वाला है दुमका का चुनाव
जनता का आशीर्वाद किसे मिलेगा, यह कहना फिलहाल मुश्किल है, लेकिन इतना तय है कि इस बार दुमका नगर परिषद का चुनाव बेहद रोचक और कांटे का मुकाबला साबित होने वाला है। फिलहाल सभी प्रत्याशी अपनी अपनी जीत का दावा कर रहे हैं।
4+