गिरिडीह में बड़ी कार्रवाई, 50 लाख की शराब से भरा ट्रक जब्त, चार तस्कर गिरफ्तार

    गिरिडीह में बड़ी कार्रवाई, 50 लाख की शराब से भरा ट्रक जब्त, चार तस्कर गिरफ्तार

    गिरिडीह (GIRIDIH): गिरिडीह उत्पाद विभाग ने बुधवार देर रात एक बड़ी सफलता हासिल की. गुप्त सूचना के आधार पर जिले के डुमरी स्थित चिरैया मोड़ पर छापेमारी कर विभाग की टीम ने 800 कार्टन इम्पीरियल ब्लू ब्रांडेड शराब से भरा एक भारी मालवाहक ट्रक जब्त किया. जब्त की गई शराब की बाजार कीमत लगभग 50 लाख रुपये बताई जा रही है. यह स्टॉक पश्चिम बंगाल से बिहार भेजा जा रहा था.

    छापेमारी के दौरान टीम ने ट्रक को स्कॉर्ट कर रहे एक किया स्विफ्ट कार को भी पकड़ा. इस कार में दो तस्कर बैठे थे, जो माल को सुरक्षित बिहार पहुंचाने के प्रयास में थे. कार्रवाई का नेतृत्व उत्पाद विभाग के अधिकारी रवि रंजन ने किया.

    जप्त ट्रक और किया कार दोनों के नंबर प्लेट हरियाणा के पाए गए. ट्रक का चालक और खलासी पंजाब के अमृतसर के रहने वाले हैं, जबकि किया कार में बैठे तस्कर पंजाब के मोहाली से बताए जा रहे हैं. गिरफ्तार तस्करों के नाम हरेंद्र सिंह, विंदर सिंह, हरजीत सिंह और दीपक कुमार हैं.

    उत्पाद विभाग के एसआई रवि रंजन ने बताया कि जब्त इम्पीरियल ब्लू का स्टॉक देखने में संदिग्ध लग रहा है, क्योंकि बोतलों पर “ओनली फॉर सेल इन चंडीगढ़” लिखा मिला है. इसलिए शराब के असली या नकली होने की जांच कराई जाएगी.

    किया कार से मिले दस्तावेजों में कई बड़े शराब कारोबारियों के साथ लाखों–करोड़ों रुपये के लेनदेन का जिक्र मिला है. विभाग यह भी जांच कर रहा है कि गिरिडीह के किसी शराब कारोबारी की इसमें भूमिका है या नहीं तथा गिरफ्तार तस्करों में किसे पूरे रूट की जानकारी थी.

    रिपोर्ट: दिनेश कुमार रजक


    the newspost app
    Thenewspost - Jharkhand
    50+
    Downloads

    4+

    Rated for 4+
    Install App

    Our latest news