बिजली बिल डाल सकती है जेब पर बड़ा असर, 60% तक दर बढ़ाने की तैयारी में JBVNL

    बिजली बिल डाल सकती है जेब पर बड़ा असर, 60% तक दर बढ़ाने की तैयारी में JBVNL

    टीएनपी डेस्क (TNP DESK): झारखंड के बिजली उपभोक्ताओं को आने वाले दिनों में महंगाई का बड़ा झटका लग सकता है. राज्य की बिजली वितरण कंपनी Jharkhand Bijli Vitran Nigam Limited (JBVNL) ने बिजली दरों में करीब 60 प्रतिशत तक वृद्धि का प्रस्ताव Jharkhand State Electricity Regulatory Commission (JSERC) को सौंपा है. यदि यह प्रस्ताव मंजूर हो जाता है तो घरेलू, व्यावसायिक और औद्योगिक उपभोक्ताओं की जेब पर सीधा असर पड़ेगा.

    प्रस्ताव के अनुसार शहरी घरेलू उपभोक्ताओं के लिए मौजूदा 6.85 रुपये प्रति यूनिट की दर बढ़ाकर 10.30 रुपये प्रति यूनिट करने की योजना है. वहीं ग्रामीण क्षेत्रों में 6.70 रुपये से बढ़ाकर 10.20 रुपये प्रति यूनिट तक दर तय करने का सुझाव दिया गया है. इसके अलावा फिक्स्ड चार्ज में भी उल्लेखनीय बढ़ोतरी की तैयारी है, जिससे हर महीने आने वाला बिजली बिल और ज्यादा भारी हो सकता है.

    इस दर वृद्धि पर अंतिम निर्णय लेने से पहले 27 फरवरी को धनबाद में जनसुनवाई आयोजित की जाएगी. इस दौरान आम उपभोक्ता, व्यापारी वर्ग और विभिन्न संगठनों के प्रतिनिधि अपनी आपत्तियां और सुझाव दर्ज करा सकेंगे. जनसुनवाई के बाद नियामक आयोग अंतिम फैसला करेगा.

    प्रस्तावित बढ़ोतरी का असर सिर्फ घरेलू उपभोक्ताओं तक सीमित नहीं रहेगा. व्यवसायिक प्रतिष्ठानों के लिए दरें 11 रुपये प्रति यूनिट तक पहुंच सकती हैं. वहीं औद्योगिक इकाइयों के लिए भी फिक्स्ड चार्ज और प्रति यूनिट दर में संभावित बढ़ोतरी से उद्योग जगत में चिंता का माहौल है.

    अगर यह प्रस्ताव पारित होता है, तो राज्यभर में बिजली उपभोक्ताओं को बढ़े हुए बिल का सामना करना पड़ सकता है.


    the newspost app
    Thenewspost - Jharkhand
    50+
    Downloads

    4+

    Rated for 4+
    Install App

    Our latest news