बड़ी खबर: विक्रम शर्मा के दो शूटर वाराणसी से अरेस्ट, तीसरे की तलाश में पुलिस कर रही छापेमारी


टीएनपी डेस्क (TNP DESK): बीते दिनों हुए गैंगस्टर विक्रम शर्मा की हत्या के मामले में पुलिस को बड़ी कामयाबी मिली है. दरअसल सिल्वर सिटी मॉल परिसर में हुई इस सनसनीखेज वारदात के दो कथित शूटरों को पुलिस ने वाराणसी से गिरफ्तार कर लिया है.
सूत्रों के मुताबिक पकड़े गए आरोपियों की पहचान जमशेदपुर के बागबेड़ा निवासी विशाल और जुगसलाई निवासी आशुतोष के रूप में हुई है. दोनों पर देहरादून में गोली मारकर हत्या करने का आरोप है. पुलिस की विशेष टीम ने वाराणसी में छापेमारी कर दोनों को हिरासत में लिया.
जानकारी के अनुसार वारदात के बाद आरोपी लगातार अपने ठिकाने बदल रहे थे ताकि पुलिस से बच सकें. जांच टीम तकनीकी साक्ष्यों, मोबाइल लोकेशन और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर उनकी गतिविधियों पर नजर रखे हुए थी. इसी दौरान वाराणसी में उनकी मौजूदगी की सूचना मिली, जिसके बाद कार्रवाई करते हुए उन्हें गिरफ्तार कर लिया गया.
इस बीच तीसरे संदिग्ध की तलाश जारी है. पुलिस नोएडा सहित अन्य संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही है. जांच एजेंसियां इस हत्याकांड के पीछे की साजिश, मास्टरमाइंड और आपराधिक नेटवर्क की भी गहराई से जांच कर रही हैं.
गौरतलब है कि शहर के व्यस्त मॉल में हुई इस हत्या से इलाके में दहशत का माहौल बन गया था. अब पुलिस आरोपियों को ट्रांजिट रिमांड पर लेकर पूछताछ की तैयारी में है, जिससे पूरे षड्यंत्र और अन्य सहयोगियों से जुड़े महत्वपूर्ण खुलासे होने की संभावना है.
4+