बड़ी खबर : अमन सिंह गिरोह ने ली सिंह मेंशन पर बमबाजी की जिम्मेदारी, धनबाद में दहशत फैलाने के लिए दी खुली धमकी

    बड़ी खबर : अमन सिंह गिरोह ने ली सिंह मेंशन पर बमबाजी की जिम्मेदारी, धनबाद में दहशत फैलाने के लिए दी खुली धमकी

    धनबाद (DHANBAD): बीती रात हुए बमबाजी मामले से धनबाद हाई अलर्ट पर है. ऐसे में सिंह मेंशन पर रविवार देर रात हुई बमबाजी की घटना को लेकर बड़ा दावा सामने आया है. इस वारदात की जिम्मेदारी अमन सिंह (मृत) गिरोह ने लेने का दावा किया है. गिरोह के सदस्य शंकर सिंह की ओर से एक प्रेस विज्ञप्ति जारी कर धनबाद में दहशत फैलाने वाली धमकियां दी गई हैं.

    प्रेस विज्ञप्ति में शंकर सिंह ने कहा है कि जिस जमीन पर अमन सिंह का खून बहा है, उस धरती को बंजर बना दिया जाएगा. बयान में धनबाद को शमशान में तब्दील करने की धमकी भी दी गई है, जिससे पूरे जिले में सनसनी फैल गई है.

    व्यापारियों को रंगदारी की धमकी
    गिरोह की ओर से जारी बयान में धनबाद के व्यापारियों को खुली चेतावनी दी गई है. शंकर सिंह ने कहा है कि शहर के सभी व्यापारियों को रंगदारी देनी होगी और जो इसका विरोध करेगा, उसे गंभीर अंजाम भुगतना पड़ेगा. इस धमकी के बाद कारोबारी वर्ग में डर का माहौल बन गया है.

    संजीव सिंह को लेकर आपत्तिजनक बयान
    प्रेस विज्ञप्ति में पूर्व विधायक संजीव सिंह का नाम लेते हुए आपत्तिजनक भाषा का प्रयोग किया गया है. शंकर सिंह ने दावा किया कि उनके कथित "देवता" संजीव सिंह के आवास पर हमला किया जा चुका है. साथ ही चेतावनी दी गई है कि आने वाले दिनों में शहर में चुन-चुनकर लोगों को निशाना बनाया जाएगा और अमन सिंह द्वारा दिया गया कथित वचन पूरा किया जाएगा.

    पुलिस ने शुरू की जांच
    इस धमकी भरे बयान के सामने आने के बाद पुलिस और सुरक्षा एजेंसियां अलर्ट मोड में आ गई हैं. पुलिस पूरे मामले की गंभीरता से जांच कर रही है और यह भी पता लगाया जा रहा है कि प्रेस विज्ञप्ति कहां से और किस माध्यम से जारी की गई. पुलिस का कहना है कि धमकी देने वालों की पहचान कर उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी.

    सुरक्षा व्यवस्था कड़ी
    सिंह मेंशन बमबाजी और उसके बाद सामने आए धमकी भरे बयान को देखते हुए धनबाद शहर में सुरक्षा व्यवस्था बढ़ा दी गई है. संवेदनशील इलाकों में पुलिस की गश्त तेज कर दी गई है और खुफिया एजेंसियां भी सक्रिय हो गई हैं. पुलिस प्रशासन का कहना है कि किसी भी कीमत पर शहर की शांति भंग नहीं होने दी जाएगी और कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए हर जरूरी कदम उठाया जाएगा.


    the newspost app
    Thenewspost - Jharkhand
    50+
    Downloads

    4+

    Rated for 4+
    Install App

    Our latest news