बेगूसराय गोलीकांड:  SP योगेंद्र कुमार ने सात गश्ती पदाधिकारियों को किया सस्पेंड 

    बेगूसराय गोलीकांड:  SP योगेंद्र कुमार ने सात गश्ती पदाधिकारियों को किया सस्पेंड 

    बेगूसराय(BEGUSARAI): बेगूसराय में हुई गोलीबारी की घटना के बाद पटना प्रशासन पूरी तरह से अलर्ट मोड पर है. इस घटना के बाद SP योगेंद्र कुमार ने  बड़ी कार्रवाई की है. उन्होंने 7 गश्ती पदाधिकारियों को  सस्पेंड किया है. इन सभी पुलिस के जवानों को गश्ती के दौरान लापरवाही बरतने के आरोप में निलंबित किया गया है. वहीं इस घटना के बाद पटना हाथीदह थाना द्वारा राजेन्द्रसेतु पर सघन वाहन चेकिंग की जा रही है. थानाध्यक्ष राकेश रंजन के साथ बड़ी संख्या में पुलिस बल के द्वारा वाहनों की तलाशी ली जा रही है. राजेंद्र सेतु ही बेगूसराय से पटना को जोड़ने का एकमात्र रास्ता है. इस घटना ने प्रशासन से लेकर पब्लिक की नींद उड़ा दी है. देश में इस किस्म की सम्भवतः ये पहली वारदात है. ज़ब निर्दोष व्यक्तियों को इस तरह रोक-रोक कर गोली मारी गई है. घटना की शुरुआत बेगूसराय जिले के बछवाड़ा से हुई थी और चकिया थाना के थर्मल गेट तक अपराधियों ने निर्दोष लोगों को गोली मारी. घटना के बाद बेगूसराय के DIG और एस पी खुद पेट्रोलिंग और संभावित ठिकानों पर छापेमारी कर रहें हैं. गोली लगने वालों की अभी तक कुल संख्या 9 है. जिसमें एक की मौत हो चुकी है. हालांकि इसमें वृद्धि की भी संभावना है.

     केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह का नीतीश सरकार पर हमला 

    विपक्ष इस घटना के बाद कानून व्यवस्था को लेकर सरकार को घेर रहा है. विधानसभा में विपक्ष के नेता विजय कुमार सिन्हा ने कहा कि इतनी बड़ी घटना के बाद पुलिस की पोल खुल गई है. उन्होंने कहा कि पेट्रोलिंग गाड़ी कहां थी. वहीं केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह ने मुख्यमंत्री नीतीश कुमार को निशाने पर लेते हुए क़ानून व्यवस्था पर सवाल उठाए हैं. उन्होंने कहा बेगूसराय की घटना बिहार के लिए बहुत दुर्भाग्यपूर्ण घटना है. दुख तो तब होता है जब से महागठबंधन की सरकार बिहार में बनी है लॉ एंड ऑर्डर की व्यवस्था पूरी बिगड़ गई है. बिहार के मुख्यमंत्री को भय लगता है ये कहने में कि मैं जंगल राज का हूं, जिस दिन वे ऐसा कहेंगे वहां के उपमुख्यमंत्री उन्हें सत्ता से हटा देंगे.

    शाहनवाज हुसैन ने भी सरकार पर साधा निशाना 

    इस संबंध में पूर्व सांसद शाहनवाज हुसैन ने नीतीश कुमार की सरकार पर जमकर हमला बोला है. उन्होंने कहा कि अपराध और अपराधियों का जिस तरह मनोबल बढ़ा है वो दहशतपूर्ण है. मुख्यमंत्री को कानून का राज स्थापित करना चाहिए. जिन लोगों के इशारे पर यह स्थिति पैदा हो रही है उसे बिहार की जनता कभी माफ नहीं करेगी. 

    बिहार के पूर्व डिप्टी सीएम तार किशोर प्रसाद का बयान

    बेगूसराय की घटना अपराध की चरम सीमा है और जिस प्रकार से दो अपराधी सरेआम राष्ट्रीय उच्च पथ पर लगभग 30 किलोमीटर तक आम राहगीरों पर गोलियां चलाते हुए निकल गए जिसमें एक व्यक्ति की मौत भी हो गयी.  इससे बड़ा दुर्भाग्य पूर्ण अपराध के क्षेत्र में और कुछ हो ही नहीं सकता है.

     


    the newspost app
    Thenewspost - Jharkhand
    50+
    Downloads

    4+

    Rated for 4+
    Install App

    Our latest news