पटना(PATNA): बिहार सरकार के कृषि मंत्री ने एक बार फिर से मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की मुश्किलें बढ़ा दी हैं.केंद्रीय मंत्री का समर्थन करते हुए सुधाकर सिंह ने कहा कि बिहार में खाद की कालाबाजारी सच में हो रही है. दरअसल, कल केंद्रीय रसायन एवं उर्वरक राज्यमंत्री भगवंत खुबा ने कहा था कि बिहार में कालाबाजारी और जमाखोरी की वजह से किसानों को खाद की दिक्कत हो रही है और आज बिहार सरकार के कृषि मंत्री सुधाकर सिंह ने भगवंत खुबा का समर्थन कर दिया. भगवंत खुबा ने नीतीश सरकार पर आरोप लगाते हुए कहा कि बिहार में खाद की कालाबाजारी हो रही है और सरकार इसे रोकने में विफल है.
मीडिया ने जब केंद्रीय मंत्री पर कृषि मंत्री सुधाकर सिंह से जवाब मांगा तो बदले में मंत्री ने अपनी ही सरकार को कठघरे में खड़ा कर दिया. सुधाकर सिंह ने कहा कि मैं केंद्रीय मंत्री के आरोप का समर्थन करता हूं. सच है कि बिहार में खाद की कालाबाजारी हो रही है और हमारे विभाग के अधिकारी इसमें शामिल हैं.
पहले भी अधिकारियों पर चोरी का लगा चुके हैं आरोप
बिहार में महागठबंधन की सरकार बने अभी एक महीने ही हुए हैं और आपस में ही नोंकझोंक शुरू हो चुकी है. कुछ दिन पहले भी सुधाकर सिंह ने सार्वजनिक मंच पर कहा था कि हमारे विभाग के अधिकारी चोर हैं और मैं चोरों का सरदार हूं. इसके बाद काफी हंगामा भी हुआ था. लालू यादव ने सुधाकर सिंह को तलब भी किया था. लेकिन, सुधाकर सिंह लगता है मानने को तैयार नही हैं. तभी तो एक बार फिर नीतीश कुमार को कठघरे में खड़ा कर दिया है. अब जेडीयू के सामने विकट स्थिति खड़ी हो गई है.
Thenewspost - Jharkhand
4+

