गूगल मैप के कारण एक बार फिर हुआ बड़ा हादसा, मैप इस्तेमाल करने से पहले जान लें ये बात

    गूगल मैप के कारण एक बार फिर हुआ बड़ा हादसा, मैप इस्तेमाल करने से पहले जान लें ये बात

    टीएनपी डेस्क: किसी भी नए लोकेशन में जाने या अनजान जगहों पर यात्रा के लिए अक्सर लोग गूगल मैप का सहारा लेते हैं. क्योंकि, गूगल मैप यात्रियों के लिए सफर आसान बना देता है. लेकिन गूगल मैप का इस्तेमाल खतरे से खाली नहीं है. हाल ही के दिनों में उत्तर प्रदेश के बरेली में अधूरे पुल से एक कार गिर जाने के कारण तीन लोगों की मौत हो गई थी. गूगल मैप के सहारे तीनों कार से बरेली आ रहे थे. लेकिन गूगल मैप द्वारा बताए गए गलत लोकेशन के कारण कार अधूरे पुल से नीचे गिर गई और तीनों युवक हादसे का शिकार हो गए.

    एक बार फिर उत्तर प्रदेश के बरेली से ही ऐसा ही मामला सामने आ रहा है. जहां गूगल मैप के कारण एक हादसा हो गया है. गूगल मैप द्वारा गलत लोकेशन बताने के कारण एक कार कलापुर नहर में गिर गई. इस कार में तीन युवक सवार थे. तीनों गूगल मैप के सेटेलाइट लोकेशन के सहारे पिलीभात जा रहे थे. इतने में गूगल मैप ने उन्हें एक शॉर्टकट रास्ता दिखा दिया. लेकिन जो शॉर्टकट रास्ता उन्हें गूगल मैप ने दिखाया वह रास्ता कच्चा है और वहां चार पहिया वाहन नहीं चलते. ऐसे में शॉर्टकट रास्ते के कारण तीनों युवक गूगल मैप के भरोसे आगे चल पड़े और उनकी कार आगे जाकर नहर में गिर गई.

    हालांकि, कार में सवार तीनों युवक सुरक्षित हैं. उन्हें हल्की-फुल्की चोटें आई हैं. कार जब नहर में गिरी तब तीनों में से एक युवक ने बाहर निकल कर अपने दोनों दोस्तों को बाहर निकाल लिया. इसके बाद उन्होंने पुलिस को घटना की जानकारी दी. जिसके बाद मौके पर पुलिस ने पहुंच कर जेसीबी के जरिए उनकी गाड़ी को नहर से निकलवाया.

    क्यों गलत रास्ता दिखा रहा गूगल 

    सालों से गूगल मैप का इस्तेमाल लोग नए लोकेशन पर जाने के लिए करते आ रहे हैं. ऐसे में अब गूगल मैप पर सवाल उठ रहे हैं कि आखिर गूगल मैप लोगों को गलत रास्ता क्यों बता रहा है. क्या गूगल मैप पर अधूरे रास्ते या टूटे पुल अपडेट नहीं हो पाते हैं या फिर गूगल उन्हें सही से लोकेट नहीं कर पाता है. दरअसल, कम नेटवर्क कवरेज वाले क्षेत्र, जंगल और पहाड़ी इलाकों में गूगल मैप में लोकेशन बहुत देर से अपडेट होता है. ऐसे में ज्यादातर गूगल मैप काम करना बंद कर देता है. कई बार गूगल मैप्स में पुराने लोकेशन समय के अनुसार अपडेट नहीं किए जाते हैं. ऐसे में जब हम उस एरिया को सर्च करते हैं तो गूगल मैप हमें पुराने लोकेशन ही दिखा देता है.

    गूगल मैप के इन सेटिंग्स पर दें ध्यान 

    लेकिन यहां गलती सिर्फ गूगल मैप की ही नहीं कई बार हमारी भी होती है. कई बार गूगल मैप का गलत लोकेशन दिखाना हमारे फोन के कारण भी हो सकता है. आपके फोन में GPS सिग्नल के सही से नहीं आने के कारण भी गूगल मैप गलत रास्ता दिखा देता है.

    • GPS सिग्नल का असर गूगल मैपस पर पड़ता है. क्योंकि, इस कारण गूगल मैप जल्दी से लोकेशन को ट्रैक नहीं कर पाता.
    • अगर आपके फोन में कम नेटवर्क कवरेज है तो इस वजह से भी गूगल मैप सही लोकेशन नहीं दिखा पाता. इसके अलावा अगर आपके फोन में बैटरी सेविंग मोड ऑन है तो इस के कारण फोन के कुछ फंक्शन काम नहीं करते और इंटरनेट भी स्लो चलता है. गूगल मैप्स का सही रास्ता नहीं दिखा पाने का कारण ये भी हो सकता है.
    • इसके अलावा अगर आपने अपने फोन में लोकेशन हिस्ट्री बंद रखी है तो इसका असर भी गूगल मैप पर पड़ता है.
    • फोन में गूगल मैप अपडेट नहीं होना भी एक कारण हो सकता है. इसलिए घर से निकलने से पहले गूगल मैप को एक बार जरूर अपडेट कर लें.
    • गूगल मैप पर आंख बंद कर भरोसा करना भी गलत है. अगर आप गूगल मैप का इस्तेमाल कर रहे हैं और वह आपको संकरी रास्ता बता रहा है या फिर आपको उस रास्ते पर डाउट है तो एक बार स्थानीय लोगों से जरूर पता कर लें.
    • कई बार लोग गूगल मैप में व्हीकल मोड अपडेट नहीं करते हैं. ऐसे में शॉर्टकट के चलते गूगल मैप संकरी रास्ता या पतली गलियां दिखा देता है जहां से चार पहिया वाहन नहीं जा सकते.  

    the newspost app
    Thenewspost - Jharkhand
    50+
    Downloads

    4+

    Rated for 4+
    Install App

    Our latest news