पाकुड़ आम बागान में महिला से सामूहिक दुष्कर्म, SIT की त्वरित कार्रवाई, सात आरोपी गिरफ्तार

    पाकुड़ आम बागान में महिला से सामूहिक दुष्कर्म, SIT की त्वरित कार्रवाई, सात आरोपी गिरफ्तार

    पाकुड़(PAKUR):पाकुड़ के मालीपाड़ा स्थित आम बागान में 35 वर्षीय महिला के साथ हुए सामूहिक दुष्कर्म मामले का पुलिस ने त्वरित उद्भेदन करते हुए सात आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है. गुरुवार को एसपी निधि द्विवेदी ने अपने कार्यालय में प्रेस वार्ता कर बताया कि 25 नवंबर की शाम करीब सात बजे टाइगर मोबाइल को सूचना मिली कि आम बागान में एक महिला के साथ दुष्कर्म की घटना हुई है. सूचना मिलते ही टाइगर मोबाइल टीम तुरंत मौके पर पहुँची, महिला को रेस्क्यू किया और वहीं से एक आरोपी को पकड़ा.

    8 से 10 युवकों ने उसे घेर कर सामूहिक दुष्कर्म किया था

    पीड़िता ने अपने बयान में बताया कि वह शाम को टहलने के उद्देश्य से आम बागान गई थी, तभी 8 से 10 युवकों ने उसे घेर कर सामूहिक दुष्कर्म किया. आरोपियों ने उसका मोबाइल फोन, एटीएम कार्ड और नकदी भी छीनी.मामले की गंभीरता को देखते हुए नगर थाना में कांड संख्या 298/2025 दर्ज किया गया और डीएसपी अजय आर्यन के नेतृत्व में एक विशेष अनुसंधान दल (SIT) का गठन किया गया.

    आरोपियों ने अपनी संलिप्तता स्वीकार की

    SIT टीम ने लगातार छापेमारी अभियान चलाते हुए बाबुधन हांसदा उर्फ चटनी, गेनु हांसदा उर्फ छुछा, रामभीट्ठा मरांडी, फ्रांसिस हांसदा उर्फ रोगोस, काली दास सोरेन, गड़ा मांझी और बाबुजी हेम्ब्रम को गिरफ्तार कर लिया.पूछताछ के दौरान सभी आरोपियों ने अपनी संलिप्तता स्वीकार की. पुलिस ने पीड़िता से छीना गया मोबाइल और एटीएम कार्ड भी बरामद कर लिया है, जबकि अन्य फरार आरोपियों की तलाश जारी है.

    महिला सुरक्षा के साथ किसी भी प्रकार का समझौता स्वीकार नहीं

    SIT टीम में डीएसपी अजय आर्यन के साथ थाना प्रभारी बबलु कुमार, राहुल गुप्ता, अभिषेक कुमार, बलवंत दुबे, दिनेश प्रसाद सिंह, मिठुन रजक, दिलीप बास्की, श्रीचांद किस्कु, स्वेता एक्का और टाइगर मोबाइल टीम के जवान शामिल थे. एसपी द्विवेदी ने कहा कि महिला सुरक्षा के साथ किसी भी प्रकार का समझौता स्वीकार नहीं किया जाएगा और दोषियों को कठोर से कठोर सजा दिलाई जाएगी.

    रिपोर्ट-विकाश कुमार


    the newspost app
    Thenewspost - Jharkhand
    50+
    Downloads

    4+

    Rated for 4+
    Install App

    Our latest news