धनबाद के लोग क्यों चाहते हैं वीआईपी मूवमेंट? पढ़िए सड़कें कैसे दे रही हैं उत्तर


धनबाद(DHANBAD): धनबाद के लोग क्यों चाहते हैं कि दो-चार महीने में एक बार यहां वीआईपी मूवमेंट हो ? इसका उत्तर खोजने के लिए बहुत परेशान होने की जरूरत नहीं है. रणधीर वर्मा चौक से लेकर आईएसएम गेट तक अगर कोई रविवार से पहले गुजरा हो और आज गुरुवार को गुजरे, तो उसे इसका उत्तर आसानी से मिल जाएगा. आईआईटी आईएसएम के दीक्षांत समारोह में भाग लेने के लिए उपराष्ट्रपति जब धनबाद आने वाले थे, तो सड़कें पूरी तरह से साफ सुथरी हो गई थी. सड़कों के किनारे से कबाड़ भी हटा दिए गए थे. ना रिक्शा स्टैंड था, ना और कोई अतिक्रमण, ना गुमटियां थी और ना बाजार लगे थे. लेकिन अब सब कुछ पुराने ढर्रे पर लौट आया है.
दौरे के पांचवे दिन फिर वही हाल
यह अलग बात है कि निगम ने जिन-जिन जगहों से अतिक्रमण हटाया था, फिर वह अतिक्रमित कर लिया गया है. हटाने के चार-पांच दिन बाद ही फिर वही स्थिति बन गई है. उपराष्ट्रपति के जाने के बाद सोमवार से अतिक्रमण धीरे-धीरे शुरू हो गया था. नगर निगम की इंफोर्समेंट टीम रोकने के लिए पहुंची जरूर, लेकिन विरोध की वजह से वापस लौट गई. मंगलवार को जब पुलिस लाइन के कुछ दुकानदार निगम कार्यालय पर प्रदर्शन कर रहे थे, इस समय तेजी से अतिक्रमण किया जा रहा था. दुकानें बनाई और लगाई जा रही थी. धनबाद की सड़कों पर अतिक्रमण एक बड़ी समस्या है. गाड़ियों की संख्या में बेतहाशा वृद्धि हो रही है, जिले की आबादी भी लगभग 29 लाख पहुंच गई है. सड़क के किनारे जगह-जगह अस्थाई दुकानें बना ली गई है.
अतिक्रमण हटता है फिर कर लिया जाता है
ऐसी बात नहीं है कि नगर निगम इस अतिक्रमण को हटाता नहीं है, अतिक्रमण हटता है लेकिन हटाने के साथ ही फिर लगना शुरू हो जाता है. जब कोई वीआईपी मूवमेंट होता है तो सड़कों को साफ सुथरा कर दिया जाता है लेकिन उसके बाद सबकुछ पुराने ढर्रे पर शुरू हो जाता है. इधर ,उपराष्ट्रपति के दौरे के दिन और उसके एक दिन पहले धनबाद की सड़कें अपने को "धन्य" महसूस कर रही थी. सड़कों को पानी से भेंट हुई थी. सड़कों को पानी से धोया गया था. ब्लीचिंग पाउडर का भी छिड़काव हुआ था. चूना की लाइनिंग भी दिख रही थी. यह अलग बात है कि यह सब व्यवस्था उन्ही सड़कों पर थी, जिस होकर उपराष्ट्रपति के काफिले को गुजरना था. सड़क को बिल्कुल क्लियर रखा गया था.आज गुरुवार को सबकुछ ध्वस्त दिख रहा था.
रिपोर्ट -धनबाद ब्यूरो
4+