चाईबासा : धूल से परेशान ग्रामीणों ने हाटगम्हरिया-चाईबासा एनएच किया जाम, मुख्यमंत्री से राज्यपाल तक लगाई गुहार लेकिन अब तक नहीं हुई सुनवाई


चाईबासा (CHAIBASA) : सड़कों पर उड़ रहे धूल से परेशान ग्रामीणों ने नेशनल हाईवे 75 ई को जाम कर दिया. ग्रामीणों ने टायर जलाकर और गाड़ियों को कतारबद्ध खड़ाकर रास्ता अवरुद्ध कर दिया है. जिससे हाटगम्हरिया-चाईबासा मुख्य मार्ग पूरी तरह बंद हो गया है. बता दें कि इस सड़क के मरम्मतिकरण के नाम पर एनएच विभाग के कार्यपालक अभियंता और जमशेदपुर के दो ठेकेदार नें सांठ-गांठ कर तीन करोड़ निकाल ली, फिर भी सड़क ज्यों का त्यों. इस मामले को लेकर पूर्व मुख्यमंत्री मधु कोड़ा ने सड़क जाम किया था और सांसद गीता कोड़ा के साथ पुरे कार्यकर्ता नें श्रम दान कर तीन किमी तक गड्डे भरा था.
गाड़ियों का लंबा जाम
ग्रामीणों के सड़क जाम करने से एनएच पर गाड़ियों की लंबी कतार सिंह पोखरिया चौक से दोनों और लग गई. छोटे वाहन और मोटरसाइकिल जाने के लिए भी रास्ता बंद है. इस संबंध में जानकारी देते हुए कांग्रेस नेता कृष्ण चंद्र सावैया ने कहा कि नेशनल हाईवे चाईबासा-हाटगम्हारिया सड़क पूरी तरह जर्जर हो चुकी है. निर्माण के लिए टेंडर भी निकाला गया है. कुछ दिन जेसीबी चलाकर उन्हें समतल भी किया गया, लेकिन काम शुरू नहीं हुआ है. वहीं कृष्ण चंद्र सावैया का कहना है कि भारी वाहनों के आवागमन से धूल कण बहुत ज्यादा उड़ रहा है. इससे परेशान होकर ग्रामीणों ने उपायुक्त से गुहार लगाया, इसके बाद सीएम और राज्यपाल को भी ज्ञापन सौंपकर धूल से निजात दिलाने के लिए मांग की, लेकिन एक महीना गुजरने के बाद भी ग्रामीणों का समस्या का हल नहीं हुआ है.
धूल से सांस लेना मुश्किल
उन्होंने कहा कि धूल इतनी ज्यादा उड़ती है कि लोगों को घरों में रहना और सांस लेना तक मुश्किल हो गया है. छोटे बच्चे और बुजुर्ग बीमार हो रहे हैं. घरों में रखा पानी-कपड़ा सभी खराब हो रहा है. इसी को लेकर हम सभी ग्रामीणों ने अनिश्चित काल के लिए सड़क को पूरी तरह जाम कर दिया है, जब तक प्रशासन पहुंचकर आश्वासन नहीं देगी कि सुबह और शाम सिंहपोखरिया रोड में पानी का छिड़काव किया जाएगा, तब तक जाम हटाने वाले ग्रामीण नहीं है. कृष्ण चंद्र सावैया ने आगे कहा कि बड़े-बड़े कंपनियों का आयरन इसी रोड से गुजरता है, लेकिन स्थानीय लोगों को यहां कोई रोजगार की सुविधा भी उपलब्ध नहीं है. हम प्रशासन से मांग करते हैं कि धूल कण की समस्या का समाधान जल्द से जल्द करें और स्थानीय लोगों को रोजगार देने की पहल करें.
रिपोर्ट : संतोश वर्मा, चाईबासा
4+