दुमका(DUMKA): दुमका में बाइक सवार अपराधी ने जिला आरक्षी बल के एक जवान को गोली मार दी. घटना सुबह 3:30 से 4:00 के बीच की बताई जा रही है. दरअसल, दुमका जिला के रामगढ़ थाना में पदस्थापित जिला आरक्षी बल के जवान सुजीत कुमार गोपाई छुट्टी पर गए थे. चाईबासा से छुट्टी बिता वह वापस बस से दुमका बस स्टैंड उतरे. छुट्टी पर जाने के वक्त उन्होंने अपनी बाइक एसडीओ कोठी में रखी थी. बस स्टैंड से पैदल वह बाइक लेने एसडीओ कोठी जा रहे थे. इसी बीच एसडीओ कोठी से महज 50 मीटर पहले बाइक सवार एक अपराधी ने उनका पीछा किया और उनसे बैग छीनने का प्रयास किया.
जवान की हालत खतरे से बाहर
सुजीत ने बैग देने से इंकार कर दिया तो अपराधी ने गोली चला दी. गोली उनके दाएं पैर में लगी. घायल स्थिति में उसे दुमका के फूलो झानो मेडिकल कॉलेज अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसका इलाज चल रहा है. उसकी स्थिति खतरे से बाहर बताई जा रही है. पुलिस मामले की छानबीन में जुट गई है, लेकिन फिलहाल कुछ बोलने के लिए तैयार हैं.
जहां पर यह घटना घटी वह शहर का सबसे सुरक्षित इलाका माना जाता है. घटनास्थल से महज 100 मीटर दूर ही एसपी और एसडीओ आवास है. इतने सुरक्षित जगह पर अगर अपराधी गोली चला सकता है तो यह समझा सकता जा सकता है कि अपराधी का मनोबल कितना बढ़ा हुआ है.
रिपोर्ट: पंचम झा, दुमका
Thenewspost - Jharkhand
4+

