गुमला : ज्वेलर्स दुकान से चोरों ने उड़ाये लाखों का सामान, शटर उखाड़ कर दिया घटना को अंजाम

    गुमला : ज्वेलर्स दुकान से चोरों ने उड़ाये लाखों का सामान, शटर उखाड़ कर दिया घटना को अंजाम

    गुमला(GUMLA): गुमला से एक बड़ी चोरी की घटना सामने आई है. यहां के घाघरा थाना क्षेत्र में चोरों ने एक बड़ी घटना को अंजाम दिया है. घाघरा थाना में बैंक ऑफ़ इंडिया के पास एक जगदंबा ज्वेलर्स दुकान का शटर उखाड़कर लाखों के जेवरात व नकदी चोरी कर ली गई है. घटना की जानकारी दुकान के मालिक को सुबह मॉर्निंग वॉक पर निकले लोगों ने दी.  जिसके बाद दुकान के मालिक जितेंद्र सोनी ने घाघरा थाना को घटना के बारे में सूचना दी. सूचना के बाद एसडीपीओ सुरेश प्रसाद व थाना प्रभारी तरुण कुमार दल-बल के साथ घटनास्थल पहुंचे और CCTV फ़ुटेज को खंगालना शुरू किया. सीसीटीवी में पाया गया कि 6 बेखौफ अपराधी इस घटना को अंजाम दे रहे हैं. चोरों ने सुबह 3:30 बजे से ही घटना को अंजाम देना शुरू किया और लगभग 4:30 बजे तक सामान की चोरी कर फरार हो गए.

    घटना के संबंध में जगदंबा ज्वेलर्स के मालिक जितेंद्र सोनी ने बताया कि हर दिन की तरह वे दुकान बंद कर शाम को घर चले गए थे. अचानक ही मॉर्निंग वॉक में घूम रहे लोगों द्वारा उन्हें बताया गया कि उनकी दुकान में चोरी हो गई है. दुकान आकर देखा तो शटर उखाड़ दिया गया था और दुकान में सारे सामान तितर बितर पड़े हुए थे.  जितेंद्र ने बताया कि लगभग 5 लाख रुपये का सामान चोरों ने चोरी कर ली है. वहीं, एसडीपीओ सुरेश प्रसाद ने कहा कि अज्ञात चोरों द्वारा घटना को अंजाम दिया गया है. जल्द ही सभी अपराधी पुलिस की गिरफ्त में होंगे.

    बता दें कि, चोरी की घटना को अज्ञात चोरों द्वारा घाघरा के रिहाइशी जगह माने जाने वाले बैंक ऑफ़ इंडिया के बग़ल में अंजाम दिया गया. इस घटना के बाद से घाघरा के तमाम व्यापारी सकते में आ गए हैं. जिस तरह से शटर उखाड़ के मुख्य पथ से चोरों द्वारा चोरी की गई है ऐसा लगता है कि अब बैंक भी सुरक्षित नहीं है और न ही यहां के व्यापारी वर्ग. घाघरा के रिहाइशी जगह पर अगर मुख्य पथ से शटर निकाल कर चोरी कर ली जाती है तो निश्चित रूप से पुलिसिया गतिविधि पर सवालिया निशान खड़ा होता है.

    वहीं, स्थानीय लोगों का आरोप है कि पुलिस रात्रि गश्ती के दरमियान कोने में गाड़ी लगाकर आराम करते हैं. पुलिस की गतिविधि सड़कों पर नहीं होती है. जिसका फायदा चोरों द्वारा उठाया जाता है. समय से पहले पुलिस गश्ती वापस थाना पहुंच जाती है. जिससे चोरों के मनोबल में काफी इजाफा हुआ है.

    रिपोर्ट: सुशील कुमार सिंह

     


    the newspost app
    Thenewspost - Jharkhand
    50+
    Downloads

    4+

    Rated for 4+
    Install App

    Our latest news