कोयले की खनक पर नाच रही कोयलांचल की राजनीति , ढुल्लू कहते हम सही तो जलेश्वर अपने को पाक साफ़ बता रहे


धनबाद(DHANBAD): कोयले की खनक पर नाच रही है धनबाद की राजनीति और इसके वाहक बने हुए हैं विधायक ढुल्लू महतो और कांग्रेस के प्रदेश कार्यकारी अध्यक्ष जलेश्वर महतो के समर्थक. 13 दिनों में चार -चार बार झड़प हुई, फायरिंग की गई, बमबाजी की गई और 12 तारीख को तो जलेश्वर महतो के एक समर्थक को गोली ही मार दी गई. थानों की एफआईआर की फाइल मोटी जरूर हो गई है लेकिन रंगदारों की रंगदारी बदस्तूर जारी है. 29 अक्टूबर से शुरू हालिया घटनाक्रम के बाद जलेश्वर और ढुल्लू आमने -सामने हो गए है. ढुल्लू महतो तो कहते हैं कि उनको बदनाम करने के लिए जलेश्वर महतो ने साजिश रची है जबकि जलेश्वर महतो का कहना है कि सारे उत्पात की जड़ में विधायक ढुल्लू महतो है. कौन सच्चा है और कौन झूठ बोल रहा है ,इसका पता तो कोई जाँच एजेंसी ही लगा सकती है.
पुलिस की कार्यप्रणाली पर भी सवाल दर सवाल
बाघमारा कोयलांचल की यह दहशत पुलिस की कार्यप्रणाली पर भी सवाल खड़ी करती है. पूरे इलाके में दहशत का माहौल है, यह माहौल कब तक रहेगा, स्थिति सामान्य होगी भी कि नहीं, इसको लेकर चर्चाओं का बाजार गर्म है. 29 सितंबर को मोदीडीह में झड़प हुई थी. उसके बाद 10 अक्टूबर को बांसजोड़ा कांटा पर हंगामा हुआ था. 11 अक्टूबर को न्यू मधुबन कोल वाशरी में पत्थरबाजी हुई , फिर 12 अक्टूबर को बांसजोड़ा में तो जालेश्वर समर्थक को गोली मार दी गई. इस घटना के बाद गुरुवार को जलेश्वर महतो ने बांसजोड़ा में प्रेस कॉन्फ्रेंस कर कहा कि हमारे लोगों को मारने की तैयारी की गई थी और एक समर्थक को गोली भी मार दी गई. वह राजकुमार महतो (राम) और असलम मंसूरी (रहीम) के कार्यालय में गुरुवार को संवाददाताओं से बात कर रहे थे. इधर, पिछले रविवार को ढुल्लू महतो ने धनबाद में संवाददाता सम्मेलन कर प्रशासन की निष्पक्षता पर सवाल उठाए थे.
ढुल्लू महतो ने दी जलेश्वर महतो को नसीहत
वहीं ,शुक्रवार को भी उन्होंने धनबाद में प्रेस कॉन्फ्रेंस की और कहा कि जलेश्वर महतो अब जीवन के अंतिम पड़ाव पर है. इस समय उन्हें सच्चाई की राह पकड़ लेनी चाहिए. साथ ही उन्होंने चुनौती भी दी कि अगर जलेश्वर महतो में हिम्मत है तो जितने भी गोली कांड हुए हैं ,उनकी सीबीआई जांच के लिए सरकार पर दबाव बनाये. ढुल्लू महतो ने कहा कि जितने भी गोली कांड हुए हैं ,उन में कांग्रेस के लोग ही ,कांग्रेस के लोगो पर फायरिंग की है और ढुल्लू महतो का नाम उछाल दिया गया. ढुल्लू महतो ने कहा कि उन्होंने राज्य के मुखिया सहित अन्य अधिकारियों से भी मांग की है कि पूरे मामले की जांच हो और दूध का दूध और पानी का पानी किया जाये. हालिया विवाद के दोषी चाहे जो भी हो ,वैसे कोयलांचल की राजनीति और यहां के नेताओं की झक झक खादी कोयले की खनक पर ही चमकती है. कोयले की खनक जब तेज होती है तो गोली -बंदूख तेज चलते है. बिना पसीना बहाए अगर लाखों -लाख की आमदनी हो तो कौन ऐसा शख्स होगा जो लक्ष्मी को नाराज करने की जुर्रत करेगा.
4+