विधायक भूषण बाड़ा ने CM हेमंत से की मुलाकात, जानिए इस दौरान क्या रहा खास

    विधायक भूषण बाड़ा ने CM हेमंत से की मुलाकात, जानिए इस दौरान क्या रहा खास

    सिमडेगा(SIMDEGA): सरकार के मुख्य उपसचेतक सह सिमडेगा विधायक भूषण बाड़ा ने मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन से मुलाकात की. विधायक ने उन्हें 1932 का खतियान लागू करने, ओबीसी को 27 प्रतिशत आरक्षण देने और खेल नीति लागू करने के लिए सिमडेगा जिलावासियों की ओर से धन्यवाद दिया. इस दौरान विधायक ने मुख्यमंत्री को बुके देकर उनके प्रति आभार जताया.

    विधायक भूषण बाड़ा ने सीएम को बताया कि राज्य सरकार द्वारा हाल में लिए गए निर्णय से सिमडेगा की जनता में काफी खुशी और उत्साह है. जब वे रांची से सिमडेगा लौट रहे थे, तब रास्ते से ही सिमडेगा की जनता ने पूरे गर्म जोशी के साथ उनका स्वागत किया. स्थानीयता के लिए 1932 का खतियान लागू किए जाने से राज्य के आदिवासी मूलवासियों में खुशी की लहर है. वहीं, सरकार द्वारा शुरू किए गए खेल नीति तो सिमडेगा की धरती के लिए काफी फायदेमंद नीति साबित होगी. खेल नीति लागू होने से निश्चित तौर पर आने वाले दिनों में सिमडेगा जिले से बड़ी तादात में खिलाड़ी उभर कर सामने आएंगे और देश-दुनिया में ना सिर्फ हॉकी के क्षेत्र में बल्कि फुटबॉल, कुश्ती, एथलेटिक्स सहित अन्य सभी खेलों में सिमडेगा का और झारखंड राज्य का नाम रौशन करेंगे.

    विधायक ने बताया कि सरकार ओबीसी जाति को 27 प्रतिशत आरक्षण देने की घोषणा से जिले के ओबीसी समुदाय के लोगों में भी काफी उत्साह है. इसके अलावा विधायक ने जिले में चिकित्सकों की कमी, बिजली कटौती सहित अन्य कई समस्याओं से भी अवगत कराया. साथ ही मुख्यमंत्री से जल्द से जल्द जिले की जटिल समस्याओं का समाधान कराने का आग्रह किया. इधर मुख्यमंत्री ने विधायक के माध्यम से सिमडेगा जिलावासियों के प्रति भी आभार जताया. साथ ही कहा कि हमारी शुभकामनाएं सिमडेगावासियों के साथ है. जिले की समस्याओं को दूर करने का प्रयास किया जा रहा है.

    सीएम ने अगले सप्ताह तक हड़ताल में बैठे नव चयनित होमगार्ड जवानों की मांग पूरा करने का दिया आश्वासन

    विधायक भूषण बाड़ा ने मुख्यमंत्री को बताया कि ट्रेनिंग दिलाने की मांग को लेकर सिमडेगा के नव चयनित होमगार्ड जवान पिछले 50 दिन से भी अधिक समय से धरना पर बैठे हैं. विधायक ने बताया कि विज्ञापन निकालकर उन लोगों का चयन किया गया है लेकिन चयन के बाद से उनका प्रशिक्षण नहीं कराया गया है. प्रशिक्षण नहीं होने के कारण वे लोग आगे की सेवा में नहीं जा पा रहे हैं. इस कारण उनके समक्ष आर्थिक संकट की स्थिति उत्पन्न हो गई है. विधायक ने इनकी समस्या दूर करने की मांग की, जिसपर मुख्यमंत्री ने स्पष्ट किया कि अगले सप्ताह तक नव चयनित होमगार्ड जवानों की मांगो का समाधान कर लिया जाएगा. उन्होंने नव चयनित होमगार्ड जवानों को हड़ताल तोड़ने की अपील करते हुए कहा कि बहुत जल्द हेमंत सरकार आपकी सभी समस्याओं को दूर करेगी.

    रिपोर्ट: अमित रंजन, सिमडेगा


    the newspost app
    Thenewspost - Jharkhand
    50+
    Downloads

    4+

    Rated for 4+
    Install App

    Our latest news