9 जुलाई को देशव्यापी हड़ताल में शामिल होगी शिबू सोरेन की यूनियन, जानिए क्यों की गई है हड़ताल की घोषणा !

    9 जुलाई को देशव्यापी हड़ताल में शामिल होगी शिबू सोरेन की यूनियन, जानिए क्यों की गई है हड़ताल की घोषणा !

    धनबाद(DHANBAD) : 9 जुलाई को देशव्यापी हड़ताल का आह्वान किया गया है. इसकी सफलता के लिए जगह-जगह बैठकों का दौर जारी है. कहा गया है कि केंद्र सरकार लेबर कोड लाकर मजदूरों को गुलाम बनाने पर आमदा है. अगर यह लागू हो गया तो 8 घंटे की जगह 12 घंटे मजदूरों से काम लिया जाएगा. हड़ताल व आंदोलन करने का अधिकार समाप्त हो जाएगा, साथ ही  जेबीसीसीआई समेत सभी प्रकार की कमेटियों को खत्म कर दिया जगा. कोल इंडिया समेत सभी सार्वजनिक उद्योगों को उद्योगपतियों के हाथों  सौंप दिया जाएगा. इसलिए सार्वजनिक उद्योगों को बचाने और मजदूर के हित  रक्षा के लिए 9 जुलाई को देशव्यापी हड़ताल का आह्वान किया गया है.  

    दरअसल, इसके पहले 20 मई  को एक दिन की राष्ट्रीय  हड़ताल की घोषणा की गई थी. लेकिन उसे आगे बढ़ाते हुए 9 जुलाई की तिथि तय की गई. केंद्रीय ट्रेड यूनियन की 18 मार्च 2025 को आयोजित सम्मेलन में 20 मई  को हड़ताल का निर्णय लिया गया था. कोयला सेक्टर में सक्रिय यूनियन भी हड़ताल में शामिल होंगी. बीएमएस को छोड़कर सभी यूनियनों ने हड़ताल का आह्वान किया है. इधर, शनिवार को झारखंड कोलियरी  मजदूर यूनियन के आठवें केंद्रीय महाधिवेशन में शिबू सोरेन को झारखंड कोलियरी  मजदूर यूनियन और झारखंड श्रमिक संघ का केंद्रीय अध्यक्ष चुना गया है. इस महादिवेशन को मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने ऑनलाइन संबोधित किया.  

    उन्होंने कहा कि आज हम सरकार में हैं, लेकिन संघर्ष की भावना और जमीनी जुड़ाव पहले की तरह कायम है. समय के साथ कई राजनीतिक बदलाव आए, कुछ साथ जुड़े ,कुछ अलग हुए, लेकिन मजदूरों का संघर्ष जारी रहा. मुख्यमंत्री ने स्वर्गीय विनोद बिहारी महतो जैसे वरिष्ठ नेताओं के योगदान को भी याद किया और कहा कि उनका संघर्ष आज भी प्रेरणा स्रोत बना हुआ है. इधर यह भी कहा गया कि 9 जुलाई को मजदूर संगठनो  देशव्यापी आंदोलन में  झारखंड कोलियरी मजदूर यूनियन भी हिस्सा लेगी.  तैयारी समिति के सदस्य फागू बेसरा ने कहा कि यूनियन लगातार मजदूर और विस्थापितों की लड़ाई लड़ रही है. निजीकरण का विरोध कर रही है. बता दें कि शिबू सोरेन की तबीयत बिगड़ने के बाद उन्हें दिल्ली के अस्पताल में भर्ती कराया गया है. सीएम उनकी देख रेख के लिए दिल्ली में है.

    रिपोर्ट-धनबाद ब्यूरो  


    the newspost app
    Thenewspost - Jharkhand
    50+
    Downloads

    4+

    Rated for 4+
    Install App

    Our latest news