धनबाद में आउटसोर्सिंग कंपनी आई ग्रामीणों के निशाने पर, पत्थरबाजी के बाद पुलिस ने क्या किया, पढ़िए !

    धनबाद में आउटसोर्सिंग कंपनी आई ग्रामीणों के निशाने पर, पत्थरबाजी के बाद पुलिस ने क्या किया, पढ़िए !

    धनबाद (DHANBAD) : धनबाद में आउटसोर्सिंग कंपनी शनिवार को एक बार फिर ग्रामीणों के निशाने पर थी. ग्रामीण उग्र थे, स्थिति संभालने के लिए पुलिस को लाठीचार्ज करना पड़ा. यह सब हुआ बीसीसीएल कतरास क्षेत्र में संचालित मां अंबे माइनिंग आउटसोर्सिंग कंपनी के बुट्टू बाबू बंगला पैच के पास. दरअसल, होल पैक सड़क निर्माण के विरोध में कुम्भार  बस्ती के ग्रामीण एकजुट हो गए और प्रदर्शन करने लगे.  ग्रामीण पैच  के पास होल पैक सड़क निर्माण का विरोध कर रहे थे.   विरोध करने के लिए काफी संख्या में ग्रामीण पहुंचे हुए थे.  ग्रामीण जब आक्रोशित  हुए, तो पत्थरबाजी शुरू कर दी.  पत्थरबाजी में पुलिस और सीआईएसएफ जवानों को चोट लगी. 

    पुलिस को करना पड़ा लाठी चार्ज 

    जिसके बाद पुलिस ने लाठीचार्ज कर दिया. उसके बाद  भगदड़ की स्थिति उत्पन्न हो गई. आधा दर्जन से अधिक लोगों को चोट लगी. आक्रोशित ग्रामीण बीसीसीएल प्रबंधन के खिलाफ नारेबाजी करते हुए पुनर्वास की मांग कर रहे थे. प्रबंधन ने ग्रामीणों को दो दिन का समय देते हुए वार्ता का आश्वासन दिया, जिसके बाद ग्रामीण शांत हुए. प्रबंधन और सीआईएसएफ के जवान मशीन लेकर शनिवार को पहुंचे थे. जिसे कुम्भार बस्ती के ग्रामीणों ने परियोजना में ही रोक दिया. ग्रामीणों ने भाकपा माले के बैनर तले सुरक्षित जगह पर पुनर्वास की मांग को लेकर प्रदर्शन करते हुए नारेबाजी शुरू कर दी.  उसके बाद विवाद बढ़ गया. 

    कई थानों की पुलिस पहुंची तब जाकर हालात संभले 

    सूचना मिलने पर कतरास, राजगंज , तेतुलमारी , रामकनाली, अंगारपथरा  पुलिस मौके पर पहुंची. पुलिस ग्रामीणों को समझाने  का प्रयास किया, लेकिन ग्रामीण अपनी मांगों पर अड़े रहे. इसी दौरान किसी बात पर ग्रामीण उग्र हो गए. पुलिस ने जब हटने को कहा तो ग्रामीणों ने पत्थरबाजी शुरू कर दी. जिसके जवाब में पुलिस और सीआईएसएफ ने भी पत्थरबाजी की. जब पत्थर पुलिस और सीआईएसएफ के जवानों को लगने लगे, तो पुलिस ने लाठी चार्ज कर दिया. जिसमें आधा दर्जन से अधिक ग्रामीण घायल हो गए. भाकपा माले नेता हलदार महतो ने कहा कि प्रबंधन जानबूझकर पुलिस से बर्बरता पूर्ण कार्रवाई करा रहा है. पहले यहां के 164 परिवारो  को दूसरी जगह बसाने की व्यवस्था करें अन्यथा मामला लोकसभा और विधानसभा में उठाया जाएगा. 

    रिपोर्ट -धनबाद ब्यूरो 


    the newspost app
    Thenewspost - Jharkhand
    50+
    Downloads

    4+

    Rated for 4+
    Install App

    Our latest news