झारखंड के खजाने से 10 हजार करोड़ गायब? सरयू राय का सरकार पर बड़ा आरोप, जांच की उठी मांग


जमशेदपुर (JAMSHEDPUR): जमशेदपुर पश्चिम के विधायक सरयू राय ने राज्य सरकार पर गंभीर आरोप लगाते हुए झारखंड के सरकारी खजाने से 10 हजार करोड़ रुपये के गायब होने का दावा किया है. उन्होंने कहा कि इतनी बड़ी राशि कहां गई, इसका अब तक कोई स्पष्ट जवाब नहीं मिल पाया है.
सरयू राय ने बताया कि पूर्व वित्त मंत्री डॉ रामेश्वर उरांव के कार्यकाल में जब ऑडिट कराया गया, तब इस कथित वित्तीय अनियमितता का खुलासा हुआ था. इसके बाद विभागीय सचिवों के साथ बैठक भी बुलाई गई, लेकिन उस दौरान भी यह स्पष्ट नहीं हो सका कि इतनी बड़ी रकम का उपयोग कहां हुआ.
विधायक ने मौजूदा वित्त मंत्री और मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन से इस पूरे मामले की निष्पक्ष और उच्चस्तरीय जांच कराने की मांग की. उन्होंने आरोप लगाया कि वर्तमान वित्त मंत्री ने इस विषय पर सचिव स्तर की बैठक बुलाने का प्रयास किया, लेकिन संबंधित सचिव बैठक में शामिल ही नहीं हुए, जिससे संदेह और गहराता है.
सरयू राय ने सवाल उठाया कि आखिर झारखंड सरकार के खजाने से 10 हजार करोड़ रुपये कहां चले गए. उन्होंने कहा कि जब तक इस राशि का हिसाब जनता के सामने नहीं आता, तब तक सरकार की जवाबदेही तय नहीं मानी जा सकती.
रिपोर्ट : रंजीत ओझा
4+