धुर्वा डैम कैचमेंट एरिया अतिक्रमण मामला: जांच की कमान अब एसीबी के हाथ, केस किया टेकओवर

    धुर्वा डैम कैचमेंट एरिया अतिक्रमण मामला: जांच की कमान अब एसीबी के हाथ, केस किया टेकओवर

    रांची (RANCHI): राजधानी रांची के धुर्वा डैम कैचमेंट एरिया में हुए अतिक्रमण मामले की जांच अब भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (ACB) करेगी. इस प्रकरण में नगड़ी थाना में दर्ज एफआईआर को मंगलवार को एसीबी ने अपने अधीन ले लिया है. एसीबी अधिकारियों ने केस टेकओवर किए जाने की पुष्टि की है.

    धुर्वा डैम के कैचमेंट क्षेत्र में बड़े पैमाने पर अवैध कब्जे और जमीन से जुड़े अनियमितताओं को लेकर मामला सामने आया था. इसकी गंभीरता को देखते हुए अब एसीबी ने औपचारिक रूप से जांच शुरू कर दी है. अधिकारियों के मुताबिक, पूरे मामले में जमीन के अवैध हस्तांतरण और सरकारी प्रक्रियाओं में गड़बड़ी के बिंदुओं की गहन पड़ताल की जाएगी.

    हाईकोर्ट के आदेश के बाद तेज हुई कार्रवाई
    इस मामले में झारखंड हाईकोर्ट ने अहम निर्देश दिए थे. कोर्ट ने अपने आदेश में जमीन के अवैध ट्रांसफर, जमाबंदी दर्ज करने और लगान रसीद जारी करने में शामिल अधिकारियों और कर्मियों की पहचान करने को कहा था. साथ ही दोषी पाए जाने वालों पर विभागीय कार्रवाई सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया था. हाईकोर्ट के आदेश के बाद ही रांची पुलिस ने नगड़ी थाना में एफआईआर दर्ज की थी.

    याचिका के बाद आया था मामला सामने

    धुर्वा डैम कैचमेंट एरिया में अवैध रूप से जमीन की खरीद-बिक्री को लेकर पहले याचिका दायर की गई थी. याचिका में दावा किया गया था कि प्रतिबंधित क्षेत्र की जमीन पर मकान तक बना दिए गए हैं. इधर, अतिक्रमण हटाने को लेकर नगड़ी अंचल अधिकारी की ओर से नोटिस भी जारी किया गया था. इसके बाद कोर्ट ने संबंधित पक्षों को दस्तावेजों के साथ नगड़ी सीओ के समक्ष उपस्थित होने का निर्देश दिया था.

    सुनवाई के दौरान राज्य सरकार ने कोर्ट को बताया था कि संबंधित भूमि धुर्वा डैम के कैचमेंट एरिया के अंतर्गत आती है और इसका अधिग्रहण सरकार पहले ही कर चुकी है. ऐसे में उस जमीन की बिक्री या हस्तांतरण पूरी तरह अवैध है. अब एसीबी द्वारा जांच शुरू किए जाने के बाद इस मामले में कार्रवाई और तेज होने की उम्मीद जताई जा रही है.


    the newspost app
    Thenewspost - Jharkhand
    50+
    Downloads

    4+

    Rated for 4+
    Install App

    Our latest news