दुमका में पनीर के नाम पर बेचा जा रहा था जहर, होली में खपाने की थी तैयारी


दुमका(DUMKA): दुमका में पनीर के नाम पर जहर बेचा जा रहा था, जिसे होली जैसे पर्व के मौके पर खपाने की तैयारी थी. लेकिन खाद्य सुरक्षा विभाग की तत्परता से मामला उजागर हुआ. दरअसल खाद्य सुरक्षा पदाधिकारी अमित कुमार को सूचना मिली थी कि दुमका शहर के टीन बाजार चौक के आसपास नकली पनीर, खोवा और शुद्ध घी बेचा जा रहा है. सूचना मिलते ही दल बल के साथ फूड इंस्पेक्टर अमित कुमार टीन बाजार चौक पहुंचे. जहां तीन दुकानों में छापेमारी की गई. छापेमारी के दौरान एक क्विंटल से ज्यादा नकली पनीर, खोवा और शुद्ध घी को जप्त किया जिसे नष्ट किया गया. पनीर के नाम पर जहर बेचने वाले तीन दुकानदारों के खिलाफ विभागीय कार्यवाही की तैयारी चल रही है. खाद्य सुरक्षा पदाधिकारी अमित कुमार ने बताया कि यह कार्यवाही आगे भी जारी रहेगी. लोगों के सेहत के खिलाफ साथ खिलवाड़ बर्दाश्त नहीं किया जाएगा. खाद्य सुरक्षा विभाग की इस कार्यवाही से नकली खाद्य पदार्थ बेचने वालों में हड़कंप मच गया है.
रिपोर्ट: पंचम झा
4+