कोयले का अवैध उत्खनन कर रहे थे लोग, धंसी चाल, आधा दर्जन लोग घायल


धनबाद (DHANBAD) : कोयले के अवैध उत्खनन में चाल धसने से कम से कम 6 लोग घायल हो गए. एक की हालत गंभीर बताई जा रही है. यह घटना बरोरा के एएमपी कोलियरी के जरलाही पैच में शनिवार देर रात को हुई. चाल धसने से 6 लोगों के घायल होने की बात कही जा रही है. जख्मी मधुबन थाना क्षेत्र के रहने वाले बताए जाते हैं. एक गंभीर का इलाज गोपनीय ढंग से कराया जा रहा है. प्रत्यक्षदर्शी के अनुसार जर लाही पैच में रोज की तरह सुबह सैकड़ों की संख्या में महिला, पुरुष कोयले का अवैध उत्खनन कर रहे थे. इसी दौरान भारी मात्रा में पत्थर और कोयले का मलबा ऊपर से गिरा, जिसकी चपेट में घायल लोग आ गए. अवैध उत्खनन कर रहे लोग सभी को वहां से लेकर आनन-फानन में भाग गए.
प्रतिदिन होता है अवैध उत्खनन
एएमपी कोलियरी पैच से प्रतिदिन भारी मात्रा में कोयले का अवैध उत्खनन होता है. उसको मधुबन थाना क्षेत्र में ही जमा किया जाता है. बाद में उसे ट्रक और अन्य वाहनों से फर्जी कागजात के सहारे बाहर भेज दिया जाता है. पुलिस और सीआईएसएफ छोटी मोटी जब्ती करते हैं लेकिन बड़े पैमाने पर कोयले का अवैध खनन हो रहा है. दो-तीन दिन पहले हद हो गई कि आउटसोर्सिंग में काम कर रहे जेसीबी को कब्जे में लेकर कोयला चोर खुद कोयला काटने लगे. इसके बाद हंगामा मच गया. केंदुआडीह पुलिस पहुंची, उसके बाद कोयला चोर भाग निकले, लेकिन उसके बाद फिर पहुंचकर फायरिंग कर दहशत फैलाने की कोशिश की और ऐलान किया कि अगर हम लोगों को कोयला नहीं मिलेगा तो कोयले का उत्खनन भी नहीं होने देंगे. पुलिस अथवा प्रशासन चाहे जो भी कार्रवाई करें लेकिन कोयला चोरों का मनोबल सातवें आसमान पर है और उनकी आर्थिक ताकत इतनी अधिक हो गई है कि अब वह किसी भी कार्रवाई की दिशा मोड़ने में अपने को सक्षम पा रहे हैं.
रिपोर्ट : सत्यभूषण सिंह, धनबाद
4+