ई-रिक्शा चालकों के लिए नया नियम, यूनिफॉर्म होगा जरूरी, वाहन पर नाम और मोबाइल नंबर भी लिखना होगा अनिवार्य


रांची (RANCHI): रांची शहर की यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाने और सड़कों पर अनुशासन कायम करने के लिए जिला प्रशासन ने अहम फैसला लिया है. अब शहर में चलने वाले सभी ई-रिक्शा चालकों को यूनिफॉर्म पहनना अनिवार्य होगा. इसके साथ ही हर ई-रिक्शा के पीछे चालक का नाम और मोबाइल नंबर साफ और बड़े अक्षरों में लिखना होगा.
यह फैसला मुख्यमंत्री के हालिया रांची दौरे के बाद दिए गए निर्देशों के आधार पर लिया गया है. इसी क्रम में उपायुक्त मंजूनाथ भजंत्री की अध्यक्षता में रविवार को जिला स्तरीय समन्वय बैठक आयोजित की गई. बैठक में ट्रैफिक व्यवस्था, सड़क जाम की समस्या, चौक-चौराहों के प्रबंधन और नागरिक सुविधाओं से जुड़े मुद्दों पर चर्चा हुई.
उपायुक्त ने जिला परिवहन पदाधिकारी को निर्देश दिया कि ई-रिक्शा के संचालन से यातायात बाधित न हो. इसके लिए ई-रिक्शा चालक संघ के साथ बैठक कर तय मार्गों पर ही संचालन, नियमों का पालन और अनुशासन सुनिश्चित किया जाए.
बैठक में शहर को अतिक्रमण मुक्त बनाने पर भी जोर दिया गया. प्रमुख सड़कों, फुटपाथों और चौक-चौराहों से अवैध कब्जा हटाने के लिए नगर निगम और अंचल अधिकारियों को संयुक्त रूप से कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए.
इसके अलावा बेतरतीब लगे बिजली के खंभों और लटकते तारों से होने वाले खतरे पर भी चिंता जताई गई. संबंधित विभागों को टेलीकॉम कंपनियों के साथ समन्वय कर तारों को दुरुस्त करने को कहा गया.
महिला सुरक्षा को लेकर भी प्रशासन सतर्क दिखा. भीड़भाड़ वाले इलाकों में निगरानी बढ़ाने, नियमित गश्त और संवेदनशील स्थानों पर त्वरित कार्रवाई के निर्देश दिए गए. बैठक में यह भी तय हुआ कि रांची को चरणबद्ध तरीके से सुरक्षित, सुगम और व्यवस्थित शहर बनाया जाएगा.
4+