दुमका-पाकुड़ मार्ग पर लगातार हो रही घटना को लेकर प्रशासन द्वारा लागू किए गए कई नियम, एजेंसी के प्रतिनिधि के साथ हुई बैठक


दुमका (DUMKA) : दुमका से एक दर्दनाक सड़क दुर्घटना की खबर सामने आ रही है. जहां दुमका-पाकुड़ मार्ग पर मुफस्सिल थाना के नकटी गांव के समीप हाइवा ने एक राहगीर को कुचल दिया. इस घटना में रामेश्वर बेसरा नामक व्यक्ति का एक पैर पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया. घटना के बाद आस पास के लोगों ने उसे इलाज के लिए फूलो झानो मेडिकल कॉलेज अस्पताल में भर्ती कराया गया. बताया जा रहा है कि घायल व्यक्ति हेठ कोरैया गांव के रहने वाले है, जो उस व्यक्त अपने बेटे से मिलने दुमका जा रहे थे. घटना के बाद आक्रोशित लोगों ने दुमका पाकुड़ मार्ग को जाम कर दिया. सूचना मिलते ही मुफस्सिल थाना प्रभारी नीतीश कुमार, सदर अंचलाधिकारी जामुन रविदास, सदर एसडीपीओ नूर मुस्तफा अंसारी दल बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे और कड़ी मशक्कत के बाद रोड जाम को हटवाया.
लगातार हो रही घटना पर उठे कई सवाल
दुमका पाकुड़ मार्ग पर हुए इस सड़क दुर्घटना ने कई सवालों को जन्म दिया है. दरअसल इन दिनों इस मार्ग पर यात्रा करना मतलब जान जोखिम में डालना है. ऐसा इसलिए क्योंकि 6 महीने पहले तक इस मार्ग पर वाहनों का आवागमन इतना ज्यादा नहीं था, लेकिन जब से पाकुड़ से कोयला सड़क मार्ग द्वारा दुमका रेलवे स्टेशन परिसर स्थित डंपिंग यार्ड पहुंचाने का काम शुरू हुआ तब से यह मार्ग जानलेवा साबित हो रहा है. यहाँ आए दिन दुर्घटनाएं हो रही है. इस तरह की घटना प्रशासन के लिए सिर दर्द बनता जा रहा है.
प्रशासन की एजेंसी के प्रतिनिधि के साथ बैठक
इस नई घटना के बाद प्रशासन ने त्वरित कार्रवाई करते हुए कोयला ट्रांसपोर्ट करने वाली एजेंसी के प्रतिनिधि के साथ मुफस्सिल थाना परिसर में बैठक की. बैठक के दौरान आज घायल हुए व्यक्ति के इलाज के लिए जो भी खर्च होगा, उसे मुआवजा देने का निर्देश दिया गया. इसके साथ ही सख्त हिदायत दी कि अगर ओवरलोड या ओवर स्पीड वाहन पकड़ाता है तो न केवल वाहन और वाहन मालिक बल्कि चालक और ट्रांसपोर्टिंग एजेंसी के ऊपर भी प्राथमिकी दर्ज कर कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी. इसके साथ ही सदर अंचलाधिकारी ने कहा कि इस पर अंकुश लगाने के लिए गुहिया जोरी के समीप एक चेक पोस्ट बनाया जाएगा, ताकि हाईवा के गति को नियंत्रित किया जा सके. सभी थाना को यह निर्देश दिया जाएगा कि अगर हाईवा ओवर स्पीड नजर आता है तो उसे जब्त कर कड़ी कार्रवाई की जाए.
रिपोर्ट: पंचम झा, दुमका
4+