पलामू में वन विभाग की बड़ी कार्रवाई! 80 करोड़ के सांप का जहर हुआ बरामद, तीन तस्कर गिरफ्तार

    पलामू में वन विभाग की बड़ी कार्रवाई! 80 करोड़ के सांप का जहर हुआ बरामद, तीन तस्कर गिरफ्तार

    पलामू (PALAMU): पलामू टाइगर रिजर्व (PTR) की टीम और वाइल्ड लाइफ क्राइम कंट्रोल ब्यूरो की संयुक्त कार्रवाई में अवैध वन्यजीव तस्करी के बड़े नेटवर्क का पर्दाफाश हुआ है. टीम ने अंतरराष्ट्रीय बाजार में करीब 80 करोड़ रुपये मूल्य के सांप के जहर की बड़ी खेप जब्त की है. बरामद विष का वजन 1 किलो 200 ग्राम बताया गया है, जिसे विदेश भेजने की तैयारी की जा रही थी.

    इस अभियान के दौरान तीन तस्करों को गिरफ्तार किया गया है, जबकि सात अन्य को हिरासत में लेकर पूछताछ जारी है. गिरफ्तार आरोपियों में बिहार के औरंगाबाद जिले के देव निवासी मोहम्मद सिराज और मोहम्मद मिराज के अलावा पलामू के हरिहरगंज स्थित कौवाखोह के रहने वाले राजू कुमार शामिल हैं. इनके पास से पैंगोलिन के शल्क भी मिले हैं, जिनकी कीमत 15 लाख रुपये से अधिक आंकी गई है.

    सूत्रों के मुताबिक यह गैंग लंबे समय से सीमावर्ती इलाकों में दुर्लभ प्रजातियों के अवैध व्यापार में शामिल था. पलामू व आसपास के जंगलों से जहर एकत्र कर इसे नेपाल व अन्य देशों में खपाया जाता था.

    पीटीआर के उपनिदेशक प्रजेशकांत जेना ने बताया कि गुप्त सूचना के आधार पर यह ऑपरेशन चलाया गया. प्रारंभिक जांच में बड़े गिरोह के सक्रिय होने के संकेत मिले हैं. जेना ने कहा कि गिरफ्तार तस्करों से अंतरराष्ट्रीय कनेक्शन की जानकारी जुटाई जा रही है और छापेमारी अभियान आगे भी जारी रहेगा.

    उन्होंने यह भी बताया कि एक महीने पहले भी वन्यजीव अपराधियों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की गई थी, जिसमें कई हथियार और शिकार के उपकरण बरामद किए गए थे. वन विभाग का प्रयास है कि पलामू को वन्यजीव तस्करी के नेटवर्क से पूरी तरह मुक्त किया जा सके.


    the newspost app
    Thenewspost - Jharkhand
    50+
    Downloads

    4+

    Rated for 4+
    Install App

    Our latest news