प्रेमिका से मिलने पहुंचे प्रेमी की पीट-पीटकर हत्या, 8 लोगों को पुलिस ने किया गिरफ्तार


चतरा (CHATRA) : चतरा जिले के हंटरगंज थाना क्षेत्र के सलैया गांव में प्रेमिका से मिलने गए कुंदन कुमार को लड़की के घरवालों और गांव के लोगों ने पीट-पीटकर मार डाला. प्रेमिका से मुलाकात में उसकी मदद कर रही गोली देवी नामक महिला को भी लोगों ने बुरी तरह पीटा. उसे गंभीर हालत में इलाज के लिए गया के मगध मेडिकल कॉलेज हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया है.
पुलिस ने आठ लोगों को किया गिरफ्तार
इस मामले में एसडीपीओ अविनाश कुमार ने बताया कि एसपी राकेश रंजन के निर्देश पर एक एसआईटी टीम का गठन किया गया था. जिसमें पुलिस ने गांव के आठ लोगों को गिरफ्तार किया है. जिसमें चार महिलाएं भी शामिल है. गिरफ्तार आरोपियों में गांव के श्रवण कुमार, रंजीत भुईयां, कांग्रेस भुईयां, रंजू देवी, सविता देवी, शोभा देवी, सोमरी देवी और कमलेश भुईयां शामिल है. जांच-पड़ताल के दौरान एसआइटी ने पिटाई के लिए इस्तेमाल किए गए तीन डंडे, दो मोटरसाइकिल, एक गमछा और तीन मोबाइल फोन भी बरामद किया है.
मिली जानकारी के अनुसार कुंदन कुमार का गांव की एक नाबालिग लड़की से प्रेम प्रसंग चल रहा था. इसी बीच वह 20 अगस्त की शाम गांव की एक महिला गोली देवी की मदद से उससे मिलने की कोशिश कर रहा था. लेकिन लड़की के घरवालों और गांव के कई लोगों ने दोनों को पकड़ लिया और लाठी डंडे से पीट कर गंभीर रूप से घायल कर दिया गया था. जिसके बाद दोनों को इलाज के लिए हंटरगंज स्थित स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां कुंदन की मौत हो गई. वहीं गंभीर रूप से घायल महिला गोली देवी को इलाज के लिए हायर सेंटर रेफर कर दिया गया. फिलहाल उसकी स्थिति नाजुक बनी हुई है.
4+