केंदुआडीह गैस रिसाव: 15वें दिन बड़ी कार्रवाई, बोर होल कर नाइट्रोजन गैस डालने का काम शुरू

    केंदुआडीह गैस रिसाव: 15वें दिन बड़ी कार्रवाई, बोर होल कर नाइट्रोजन गैस डालने का काम शुरू

    धनबाद (DHANBAD): धनबाद के केंदुआडीह इलाके में गैस रिसाव की गंभीर घटना के 15वें दिन आखिरकार राहत की दिशा में बड़ा कदम उठाया गया है. प्रभावित क्षेत्र में बोर होल कर नाइट्रोजन गैस डालने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है, जिससे भूमिगत गैस के दबाव और रिसाव को नियंत्रित किया जा सके.

    प्रक्रिया शुरू होने से पहले जिला आपदा प्रबंधन विभाग की ओर से माइकिंग कर लोगों से बोर होलिंग वाले क्षेत्र से दूर रहने की अपील की गई. सुरक्षा के मद्देनज़र पूरे इलाके को अलर्ट मोड पर रखा गया है. किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए प्रशासन पूरी तरह सतर्क है.

    मौके पर डीजीएमएस (DGMS) और सिंफर (CIMFR) के वैज्ञानिकों की टीमें लगातार निगरानी कर रही हैं. इसके अलावा आईआईटी (आईएसएम) धनबाद, सीएमपीडीआई (CMPDI) और अन्य तकनीकी संस्थानों के विशेषज्ञ भी गैस नियंत्रण कार्य में जुटे हुए हैं. वैज्ञानिकों के अनुसार नाइट्रोजन गैस डालकर भूमिगत जहरीली गैस के प्रवाह और दबाव को कम करने की कोशिश की जा रही है.

    स्थानीय लोगों ने इस कार्रवाई को जन आंदोलन की जीत बताया है. उनका कहना है कि बीते 15 दिनों से गैस रिसाव को लेकर बीसीसीएल और जिला प्रशासन की ओर से ठोस कदम नहीं उठाए जा रहे थे, लेकिन लगातार विरोध और दबाव के बाद अब जमीन पर काम शुरू हुआ है.

    प्रभावित क्षेत्र के निवासियों को उम्मीद है कि इस प्रक्रिया से गैस रिसाव पर जल्द पूरी तरह काबू पा लिया जाएगा और हालात सामान्य होने पर वे सुरक्षित अपने घरों में लौट सकेंगे. फिलहाल प्रशासन और वैज्ञानिक टीमें स्थिति पर लगातार नजर बनाए हुए हैं. 

    रिपोर्ट: नीरज कुमार


    the newspost app
    Thenewspost - Jharkhand
    50+
    Downloads

    4+

    Rated for 4+
    Install App

    Our latest news