झारखंड को बेहतर चुनाव प्रबंधन के लिए मिला राष्ट्रीय सम्मान, मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी बेस्ट परफॉर्मिंग अवॉर्ड से किए गए सम्मानित

    झारखंड को बेहतर चुनाव प्रबंधन के लिए मिला राष्ट्रीय सम्मान, मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी बेस्ट परफॉर्मिंग अवॉर्ड से किए गए सम्मानित

    रांची(RANCHI): राज्य के मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी के रवि कुमार को बेहतर चुनाव प्रबंधन के लिए आज 25 जनवरी राष्ट्रीय मतदाता दिवस पर बेस्ट परफॉर्मिंग अवॉर्ड से सम्मानित किया गया है. दिल्ली के मानकेशां सेंटर में आयोजित राष्ट्रीय स्तर कार्यक्रम में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू द्वारा निर्वाचन पदाधिकारी को सम्मानित किया गया. निर्वाचन पदाधिकारी के रवि कुमार को यह अवॉर्ड लोकसभा व विधानसभा चुनाव 2024 को अच्छे तरीके से संचालित कराने को लेकर दिया गया है.

    वहीं, मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी के रवि कुमार ने राज्य के सभी मतदाताओं, निर्वाचन कार्य में लगे सभी बीएलओ, सभी मतदान कर्मी, पुलिस के पदाधिकारी, सुरक्षा बलों के जवानों, राजनीतिक दलों और मीडिया बंधुओं को उनके निर्वाचन के दौरान अपने कर्तव्य के निर्वहन हेतु धन्यवाद कहा. उन्होंने कहा कि लोकसभा व विधानसभा निर्वाचन 2024 का स्वच्छ,  निष्पक्ष और शांतिपूर्ण निर्वहन का श्रेय निर्वाचन कार्य के सभी स्टेकहोल्डर को जाता है. हम सब के सम्मिलित प्रयास से ही आज राज्य को यह सामना प्राप्त हुआ है.

    बता दें कि, साल 2024 में हुए लोकसभा और विधानसभा चुनाव में मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी के रवि कुमार के नेतृत्व में राज्य में कई नवाचार किए गए थे. जिसमें मतदाता सूची पुनरीक्षण कार्यक्रम के तहत मतदाता सूची में गलतियों को सुधारने का प्रयास किया गया था. इसके तहत बीएलओ द्वारा कई बार प्रत्येक घरों के मतदाताओं का सत्यापन करते हुए उनके घरों पर स्टिकर चिपकाया गया था. पीवीटीजी मतदाताओं के लिए विशेष अभियान चलाकर मतदाता सूची से जोड़ने का कार्य किया गया था. वहीं, मतदाताओं के लिए मतदान केंद्रों पर सुनिश्चित  न्यून्तम सेवाओं जैसे बिजली, पानी, शौचालय, दिव्यांग और वरिष्ठ मतदाताओं के लिए व्हीलचेयर और रैंप आदि की व्यवस्था की गई थी.  

    सुदूर क्षेत्र के मतदाताओं के लिए उनके गांव में ही मतदान केंद्रों का निर्माण कराने के साथ ही 2 किमी से अधिक दूर वाले मतदान केन्द्रों के लिए वाहन की भी व्यवस्था की गई थी. इसके साथ ही ऐसे कई नक्सल प्रभावित क्षेत्र भी थे, जहां इस बार पहली बार मतदाताओं ने शांतिपूर्ण मतदान किया.   

    इतना ही नहीं, सुगम मतदान के लिए वाहन प्रबंधन प्रणाली के माध्यम से कम से कम आम यातायात को बाधित करते हुए वाहनों को मतदान कार्यों के लिए उपयोग में लाया गया था. मतदान केंद्रों पर मतदाताओं की सुगमता के लिए 1 लाख 20 हजार से अधिक वॉलेंटियर को ट्रेनिंग दी गई थी, जिन्होंने वृद्धजनों और दिव्यांग मतदाताओं व  क्यू मैनेजमेंट में अहम भूमिका निभाई. शांतिपूर्ण मतदान के लिए सभी चेकपोस्टों को सीसीटीवी से लैस करते हुए मतदान केंद्रों पर अंदर व बाहर की ओर से वेबकास्टिंग की भी व्यवस्था की गई थी.

    मतदाताओं को जागरूक करने के लिए इंटरनेट मीडिया पर हैशटैग अभियान व हर वृहत स्तर पर स्वीप के तहत कार्यक्रम चलाया गया था. इसके साथ ही सभी मतदान केंद्रों पर बूथ लेवल अवेयरनेस ग्रुप का भी निर्माण किया गया था, जिनके द्वारा मतदाताओं को मतदान के लिए प्रेरित किया गया. मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी के नेतृत्व में  चलाए जाने वाले जागरूकता के कारण लोकसभा चुनाव मतदान प्रतिशत की वृद्धि देखी गई. वहीं, विधानसभा निर्वाचन 2024 में यह अब तक का सर्वाधिक रहा. विधानसभा मतदान में महिला मतदाताओं के मतदान प्रतिशत में भी वृद्धि देखी गई. लोकसभा व विधानसभा चुनाव शांतिपूर्ण संपन्न कराया गया था.

    वहीं, मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी के रवि कुमार के अलावा झारखंड के पूर्वी सिंहभूम के उपयुक्त अनन्या मित्तल को भी जनरल कैटेगरी की श्रेणी में राष्ट्रपति द्वारा राष्ट्रीय पुरस्कार से सम्मानित किया गया है. बता दें कि, बेहतर चुनाव प्रबंधन के लिए झारखंड को पहली बार राष्ट्रीय पुरस्कार मिला है. भारत निर्वाचन आयोग द्वारा तीन राज्यों का चयन चुनाव में सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करने वाले राज्य के तौर पर किया गया है. जिसमें झारखंड राज्य भी शामिल है. झारखंड के अलावा जम्मू कश्मीर और महाराष्ट्र का भी चयन किया गया है.


    the newspost app
    Thenewspost - Jharkhand
    50+
    Downloads

    4+

    Rated for 4+
    Install App

    Our latest news